


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को बीकानेर से लोकसभा चुनाव की तैयारी का "श्रीगणेश" करने बीकानेर पहुंचे। राजस्थान की सभी 25 सीटों पर कब्जा करने के लिए बीकानेर में भाजपा लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संवाद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने सांस्कृतिक और आर्थिक विकास के समानांतर कीर्तिमान बनाये हैं। मंगलवार कोयहाँ उपस्थित तीन लोकसभाओं के कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के 400 पार के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए राजस्थान की सभी सीटों पर फिर से कमल खिलाने का संकल्प लिया।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस देश का विभाजन करने पर तुली है। उनके नेता यह मांग करते हैं कि उत्तर भारत और दक्षिण भारत को बांटना चाहिए। आपने राजस्थान में डबल इंजन की सरकार नहीं है, अब किसी की हिम्मत नहीं है कि यहां कौमी दंगे कर सके।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी ने दस साल में हमारी अर्थव्यवस्था को 11वें नंबर से पांचवे नंबर पर खड़ा कर दिया। एक बार और मौका मिलेगा तो अर्थव्यवस्था तीसरे नंबर पर आ जाएगी।
शाह ने कहा कि हमने धारा 370 हटाई। कश्मीर में हर रोज धमाके होते रहते थे। आज दुनिया की कोई ताकत कश्मीर को हाथ नहीं लगा सकती।
लोकसभा की हर सीट 5 लाख वोट से ज्यादा जीतेंगे : शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमने विधानसभा चुनाव के दौरान जो गारंटी दी थी, उन्हें पूरा करना शुरू कर दिया है। गैस सिलेंडर 450 रुपए में देना शुरू कर दिया है। जिस दिन से भाजपा सरकार आई है, किसी भी तरह का गैंगवार नहीं हुआ है। आने वाले लोकसभा चुनाव में हर सीट हम 5 लाख वोट से ज्यादा जीतेंगे।
शाह राजस्थान आते हैं तो कांग्रेस नेताओं की नींद उड़ जाती है : जोशी
प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने उदयपुर में सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जब-जब अमित शाह राजस्थान आते हैं, कांग्रेस नेताओं की नींद उड़ जाती है। उन्हें लगता है कि अब कौन कांग्रेस नेता भाजपा में चला जाएगा। पूर्व मंत्री मालवीय ने भाजपा जॉइन की है, क्योंकि कांग्रेस ने उन्हें राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में नहीं जाने दिया।
गृह मंत्री अमित शाह बीकानेर पहुंचे जहां पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी,केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन लाल मेघवाल,पूर्व प्रतिपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़ और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया ने उनका फूल और गुलदस्ता देकर स्वागत किया।