


झालावाड़ के थाना सदर पुलिस की टीम ने हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों से लूटपाट करने वाली गैंग का रविवार को खुलासा कर डेरा कंजरान कलमंडी खुर्द थाना सदर निवासी आरोपी सुरेश कंजर पुत्र दीपचंद एवं विक्रम उर्फ विकरा कंजर को गिरफ्तार किया है।
एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि 14 फरवरी को अलवर निवासी ट्रक ड्राइवर राजवीर सिंह ने एसआरजी अस्पताल में पुलिस को दिए पर्चा बयान में बताया कि 10 फरवरी को चेन्नई से वह अपनी अपने ट्रक में मारुति कार के पार्ट्स भरकर धारूहेड़ा हरियाणा जा रहा था। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में उसे उनकी कंपनी का एक और ट्रक मिल गया।
दूसरे ट्रक का ड्राइवर निशार खान भी साथ-साथ चलने लगा। 13 फरवरी की रात करीब 9 व 10:00 बजे के आसपास पाटन व टोल सुकेत के बीच ट्रक का पंचर हो जाने की वजह से दोनों ट्रकों को खड़ा कर गाड़ी के जैक लगा रहे थे। इसी दौरान खेतों की तरफ से तीन-चार अज्ञात व्यक्ति आये और लाठियां से लाठियों से मारपीट कर जेब में रखा पर्स जिसमें 15 हजार रुपये, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड आदि थे लेकर भाग गए। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों से हो रही लूटपाट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी तोमर द्वारा इस पर प्रभावी कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा व सीओ मुकुल कुमार शर्मा के सुपरविजन एवं एसएचओ सदर विजय सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा एक्शन प्लान के तहत घटना करने वाले बदमाशों के बारे में जानकारी हासिल पर सन्दिग्ध सुरेश कंजर व विक्रम उर्फ विकरा कंजर को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए इन बदमाशों से पुलिस लूट की रकम एवं अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।