


जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी व भूजल मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेहनत के बल से कांग्रेस से राज में 11वें स्थान से आज भारत विश्व में पांचवें पायदान तक पहुंच गया। उन्होने कहा कि पिछले 10 सालों में देश को 11वें स्थान से पांचवें स्थान तक पहुंचाने का श्रेय देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को है ।
जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने शुक्रवार को मालपुरा में मालपुरा-टोडारायसिंह विधानसभा क्षेत्र के विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित प्रधानमंत्री के लाभार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम में लाभार्थियों व जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की गलत नितियों से भारत धीरे-धीरे पिछड़ता गया।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत पैसा आना शुरू हुआ है।प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गांव -गांव में अब लाखों पक्के मकान बन गए हैं। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत घर-घर गैस कनेक्शन पहुंचे हैं,प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत लोगों को आर्थिक संबल मिला है।
जलदाय मन्त्री चौधरी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने देश के प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी से ही मात्र 450 रुपए में लाभार्थियों को गैस सिलैंडर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के फैसले से प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने से प्रदेश में भी विकास की गति दौड़ेगी।पिछले 5 सालों में मालपुरा विधानसभा क्षेत्र के साथ विकास को लेकर भेदभाव किया गया। आगामी 5 वर्षों में मालपुरा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
समारोह में पंचायत समिति प्रधान सकराम चोपड़ा, पालिका अध्यक्ष सोनिया मनिष सोनी, टोडारायसिंह नगरपालिका अध्यक्ष भरत लाल सैनी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी मनोज कुमार वर्मा, विकास अधिकारी सतपाल कुमावत, खंड मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर संजीव चैधरी सहित सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, लाभार्थी व जनसमूह मौजूद था।