Saturday, 29 August 2026

35 लाख की पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब के 501 कार्टन से भरा ट्रक जब्त, एक अभियुक्त गिरफ्तार


35 लाख की पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब के 501 कार्टन से भरा ट्रक जब्त, एक अभियुक्त गिरफ्तार

उदयपुर जिले की खेरवाड़ा थाना पुलिस की टीम ने मंगलवार रात मुखबिर की सूचना पर पंजाब से अवैध शराब तस्करी कर गुजरात जा रहे यूपी नंबर के आईसर ट्रक को जप्त किया है। जिसमें कपड़ों की चिन्दियों के कट्टों के नीचे 35 लाख कीमत की अंग्रेजी शराब के 501 कार्टून छुपा रखे थे। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक मगाराम जाट पुत्र आसुराम (40) निवासी मेघवालों की ढाणी थाना रामसर जिला बाड़मेर को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी भुवन भूषण यादव ने बताया कि मंगलवार सांयकालीन गश्त के दौरान थाना खेरवाड़ा के एएसआई किशोर कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि यूपी नंबर के एक ट्रक में पंजाब से गुजरात अवैध शराब तस्करी की जा रही है। ट्रक उदयपुर से खेरवाड़ा होते हुए अहमदाबाद की तरफ जाएगा। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पर्वत सिंह व सीओ हेरम्ब जोशी के पर्यवेक्षण तथा एसएचओ दिलीप सिंह झाला के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

गठित टीम द्वारा अहमदाबाद रोड पर टोल नाका से पहले नाकाबंदी की गई। मुखबिर की सूचना के मुताबिक उदयपुर की ओर से आ रहे ट्रक को रुकवाया गया। तलाशी लेने पर अंदर कपड़े की चिंदियों से भरे कट्टों की आड़ में विभिन्न मार्का की पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के कुल 501 कार्टून छुपाए हुए थे।

अवैध शराब और ट्रक को जप्त कर पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर मगाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया। पंजाब के लुधियाना से ट्रक करीब 1200 किलोमीटर की दूरी तय कर चुका था। गुजरात में प्रवेश से कुछ पहले ही पुलिस ने इसे पकड़ लिया।

एसपी यादव ने बताया कि आरोपी किसके लिए और कहां अवैध शराब ले जा रहा था। इस बारे में पुलिस गहनता से अनुसंधान कर रही है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल राकेश की विशेष भूमिका रही है।



Previous
Next

Related Posts