Saturday, 29 August 2026

ट्रिपल ब्लाइंड मर्डर का खुलासा : कुएं में मिली थी महिला और दो बच्चों की लाश, 36 घंटे में खुलासा कर आरोपी को किया गिरफ्तार


ट्रिपल ब्लाइंड मर्डर का खुलासा : कुएं में मिली थी महिला और दो बच्चों की लाश, 36 घंटे में खुलासा कर आरोपी को किया गिरफ्तार

अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में सीवरेज के कुएं में मिले एक महिला और दो बच्चों के शव के ब्लाइंड मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मात्र 36 घंटे में शवों की पहचान कर हत्या के आरोपी इसरायल मेव पुत्र दीन मोहम्मद (45) निवासी घेंघोली थाना एमआईए अलवर को गिरफ्तार कर दो वाहन जप्त किए गए हैं।

एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि 12 फरवरी को वैशाली नगर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सीवरेज के एक कुएं में एक महिला और दो बच्चों की लाश मिली थी। पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़कर मृतकों की पहचान पूठी का बास थाना रामगढ़ जिला अलवर निवासी फरमीना मेव पत्नी जैकम (34) और उसके बच्चों दिलशान (12) व सपिना (10) के रूप में कर मुख्य आरोपी इसराइल मेव को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी शर्मा ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि पति जैकम मेव की मौत के बाद अलग रह रही फरमीना की जान पहचान इसराइल से होने के बाद वह उसके साथ रहने लगी। बाद में किसी दूसरे व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद फरमीना इसराइल को छोड़ना चाहती थी। जब इस बात का पता इसराइल को चला तो उसने पर बच्चों व महिला को नशीली दवा पिलाकर हत्या के बाद शव सीवरेज के कुएं में डाल दिया।

पुलिस टीम द्वारा आसूचना संकलन व तकनीकी सहायता से आरोपी इसराइल मेव को गिरफ्तार किया गया। जघन्य अपराध होने के कारण प्राथमिकता के आधार पर मामले को केस ऑफिसर स्कीम में लेकर आरोपियों को सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। आरोपी के विरुद्ध इससे पूर्व थाना उद्योग नगर व एनईबी में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज है।

 घटना के खुलासे में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

एसएचओ वैशाली नगर गुरुदत्त सैनी, एसएचओ एनईबी अशोक चौधरी, एसएचओ उद्योग नगर बिजेंद्र सिंह चौधरी मय टीम एवं थाना वैशाली नगर से एएसआई काशीराम व मुंशी राम, हेड कांस्टेबल नमो नारायण, बिरमानंद व महेंद्र, कांस्टेबल रिजवान, शेखर, रामनिवास, राजवीर, शैलेंद्र, अजीत, अरशद, तारेश, शशिकांत, गिर्राज, पुष्पेंद्र, नवीन, सुनील, महिला कांस्टेबल रीना एवं चालक रोहिताश।



Previous
Next

Related Posts