


जयपुर के सेठी कॉलोनी स्थित बाल सुधार गृह से सोमवार की सुबह 22 नाबालिग खिड़की तोड़कर फरार हो गए। इस घटना की जानकारी के बाद बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दी गई।
फरार होने वालों में 8 लड़कों पर रेप और 13 लड़कों पर हत्या के प्रयास का मामला विचाराधीन हैं। जबकि एक पर हत्या का मुकदमा दर्ज है। गार्ड से जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिगों की तलाश शुरू की गई।
ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह 4 से 5 बजे के बीच बाल अपचारी जाली काटकर भाग निकले। इसकी जानकारी गार्ड ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। जानकारी के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल देखा। नाबालिग बच्चों का रिकॉर्ड पुलिस ने बाल सुधार गृह से ले लिया है। साथ ही नाबालिग के घरों के पास वाले थाने को भी सूचना दी गई है। पुलिस को बाल सुधार गृह की ओर से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।
पुलिस ने बताया किजब इतनी बड़ी संख्या में नाबालिग बाल सुधार गृह से एक साथ फरार हुए हो। सभी बाल अपचारी करीब 2 साल से बाल सुधार गृह में रह रहे थे।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि किसी बाहरी व्यक्ति ने नाबालिगों को भगाने की रणनीति तैयार की होगी । पहले नाबालिगों ने गैस कटर से खिड़की के एंगल को काटा। फिर जाली काटने के बाद सुबह पागल खाने के रास्ते होते हुए फरार हो गए। सिक्योरिटी गार्ड ने एक बाल अपचारी को भागने के दौरान पकड़ लिया था।
गौरतलब है कि बाल सुधार गृह में आठ महीने पहले भी एक साथ 15 बच्चों ने ऐसी ही वारदात को अंजाम दिया था। तब अपचारी बाथरुम की शॉफ्ट को तोड़कर दूसरी ओर कूदकर भाग गए।