


कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान की भाजपा सरकार द्वारा पेश किया किया लेखानुदान बजट 2024-25 दिशाहीन, विजनविहीन और प्रदेश की 8 करोड़ जनता के लिए घोर निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, महिलाएं समेत समाज का हर वर्ग खुद को ठगा महसूस कर रहा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि भाजपा ने घोषणा पत्र में PM किसान सम्मान निधि में वित्तीय सहायता 12,000 रुपए प्रति वर्ष देने का वादा किया था जिसे सिर्फ 8,000 रुपए प्रति वर्ष किया गया। उन्होंने कहा कि गेहूं की MSP पर बोनस देकर 2700 रुपए प्रति क्विंटल खरीदने का वादा भी अधूरा रहा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 1500 रुपए करने का वादा करके सत्ता में आए लेकिन सिर्फ 150 रुपए बढ़ाकर 1150 रुपए पेंशन करने की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए बजट में ना तो पेट्रोल-डीजल पर वैट कटौती करके राहत दी और ना ही नई भर्तियों पर कोई स्पष्ट घोषणा की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि गारंटी का जुमला, लोकलुभावने वादे और जनता को भ्रमित करके सत्ता में आई भाजपा सरकार के पहले ही बजट में कथनी और करनी का अंतर स्पष्ट दिखाई दिया।