Saturday, 29 August 2026

बजट लेखानुदान 2024-25 को लेकर भाजपा पदाधिकारियों ने दी प्रतिक्रिया, बजट अंत्योदय की अवधारणा पर आधारित


बजट लेखानुदान 2024-25 को लेकर भाजपा पदाधिकारियों ने दी प्रतिक्रिया, बजट अंत्योदय की अवधारणा पर आधारित

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने गुरुवार को विधानसभा में अपना पहला बजट लेखानुदान 2024-25 पेश किया। उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बजट लेखानुदान प्रस्तुत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अवधारणा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास को मूर्त रूप दिया। बजट को भाजपा के पदाधिकारियों ने अंत्योदय की अवधारणा पर आधारित बताया। 

भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अंतरिम बजट में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के 20 मंदिरों के जीर्णोद्वार सहित तीर्थ स्थलों के विकास की घोषणा की गई है। वहीं लखपति दीदी योजना का विस्तार करने की घोषणा स्वागत योग्य है। इस योजना के तहत आगामी वर्षों में 5 लाख परिवारों की आय सालाना 1 लाख रूपए तक करने का प्रस्ताव है। बजट में प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के तहत प्रथम प्रसव पर मिलने वाली 5 हजार रूपए की राशि को बढाकर 6 हजार 500 करने का प्रावधान किया है।

बजट को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जो अंतरिम बजट पेश किया है वह राजस्थान को अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में सकारात्मक एवं दूरदर्शी पहल है, उपमुख्यमंत्री एवं वित्तमंत्री दीया कुमारी ने अंतरिम बजट पेश कर विकसित, अग्रणी, समृद्ध एवं खुशहाल राजस्थान बनाने के विजन की शानदार शुरुआत की है, जो  आगामी दिनों में धरातल पर साकार होता प्रदेश की जनता को दिखेगा। राज्य की भाजपा सरकार के अंतरिम बजट में युवा, किसान, बुजुर्ग, बहन-बेटियों के उत्थान को प्राथमिकता देते हुये सभी वर्गों की उन्नति का रोडमैप बनाकर कार्य करने का संकल्प लिया गया है, जिससे मोदी सरकार की प्रत्येक गारंटी पूरी होगी।

बजट को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार के पांच साल अंतर्कलह में बीते, जिससे विकास कार्य ठप रहे, जिसका खामियाजा राज्य की जनता को भुगतना पड़ा, विरासत में पिछली कांग्रेस सरकार से 5.79 लाख करोड़ का बड़ा कर्जभार मिला, जिससे प्रत्येक व्यक्ति पर 70 हजार रुपये से अधिक का कर्ज है, इस स्थिति से उबारने के लिए भाजपा सरकार आय के स्रोतों में बढ़ोतरी करते हुये रोजगार, उद्योग, पर्यटन, कृषि इत्यादि सभी क्षेत्रों की मजबूती पर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने में जुटी है। भाजपा की भजनलाल सरकार के मुख्य बजट भी मोदी सरकार की गारंटी को पूरा करते हुये प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे, ऐसी पूरी उम्मीद और विश्वास है।

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट राजस्थान को सामाजिक-सांस्कृतिक, आर्थिक एवं आध्यात्मिक उन्नति की ओर अग्रसर करने वाला है। इस बजट के माध्यम से हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ‘सबका साथ-सबका विकास‘ के लक्ष्य को चरितार्थ किया है। वित्त मंत्री दीया कुमारी द्वारा प्रस्तुत यह बजट युवा, महिला, किसान व गरीब को सशक्त और सक्षम बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। दीया कुमारी द्वारा प्रस्तुत बजट में युवाओं के लिए 70 हजार नई भर्तियों की घोषणा की गई है। वहीं, बुजुर्ग और महिलाओं की पेंशन में 150 रुपए का इजाफा किया गया है। बुजुर्गों को रोडवेज किराये में 50 फीसदी की छूट, 450 रूपये में रसोई गैस सिलेंडर, मंडी टैक्स समाप्त करने से चीनी और गुड़ सस्ते होंगे, भूमि कर समाप्त करने के साथ किसानों के लिए गोपाल क्रेडिट कार्ड स्कीम भी शुरू होगी और 5 लाख गोपालकों को कर्ज दिया जाएगा। प्रदेशवासियों को 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली, 25 लाख परिवारों को नल से जल मिलेगा। बजट में जयपुर में मेट्रो के विस्तार की मंजूरी दी गई है। वहीं, राजस्थान के 5 लाख घरों में सोलर प्लांट भी लगाए जाएंगे। प्रदेश में सड़कों के विकास के लिए 1500 करोड़ रुपए का प्रावधान भी किया गया है। जयपुर, जोधपुर और कोटा में 500 इलेक्ट्रिक बसें, 20 मंदिरों के विकास के लिए 315 करोड़ का बजट, कर्मचारियों को डीपीसी में 2 साल की छूट, चिरंजीवी योजना का नाम अब मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना जिसमें कैंसर का डे केयर इलाज भी शामिल होगा। लाडो प्रोत्साहन योजना में गरीब परिवार में बेटी होने पर 1 लाख का सेविंग बॉन्ड मिलेगा। प्रसव राशि भी एक हजार रुपए से बढ़ाकर 6 हजार की गई है। आज प्रस्तुत किया गया लोककल्याणकारी बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रगति के लिए समावेशी बजट है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि  सरकार द्वारा मुख्यमंत्री विष्वकर्मा पेंषन योजना का फैसला स्वागत योग्य है। इस योजना में प्रदेश के 18 से 45 आयु वर्ग के श्रमिकों, स्ट्रीट वेंडर व लोक कलाकारों को मासिक पेंशन दी जाएगी। वहीं बजट में विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसमें कक्षा एक से आठ तक के समस्त विद्यार्थियों तथा कक्षा 9 से कक्षा 12वीं तक की छात्रों को आगामी वर्ष प्रति विद्यार्थी 1000 रूपये की सहायता प्रदान की जाएगी इससे 70 लाख विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि  सरकार ने बजट में वरिष्ठ नागरिकों को भी राहत प्रदान की है। अब 60 से 80 साल के वरिष्ठ नागरिकों को राज्य की सीमा में रोडवेज बसों में 50 प्रतिषत तक की छूट मिलेगी। वहीं दिव्यांगों के लिए जयपुर में कम्पोजिट रिजनल सेंटर, जिला मुख्यालय पर डिस्ट्रिक डिसएबेलिटी रिहेबिलिटेषन सेंटर बनेंगे।

भाजपा के प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए बजट को जन हितैषी और समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के उत्थान के लिए बताया। भाजपा के प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल ने कहा कि अंतरिम बजट गांव, गरीब, किसान और युवा के हितों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है। बजट में राजस्थान एग्रीकल्चर इन्फ्रा मिशन के तहत 2000 करोड़ रूपये की सहायता से किसानों को 20 हजार फार्म पोंड्स, 10 हजार किलोमीटर सिंचाई पाईपलाईन, 50 हजार किसानों के लिए तारबंदी, 5 हजार किसानों के लिए वर्मी कंपोस्ट इकाईयां एंव नये एग्रो प्रोसेसिंग क्लस्टर्स, फूड पार्क्स तथा होर्टीकल्चर हब स्थापित  करने में मदद मिलेगी।

Previous
Next

Related Posts