


सीकर जिले के लोसल इलाके में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक स्विफ्ट कार सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। एक्सीडेंट में तीन युवकों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर घायल है।
लोसल थाना एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि हादसा रात करीब 2.30 बजे डीडवाना रोड पर हुआ। गणगौर होटल से पहले स्विफ्ट कार नगरपालिका के बड़े पोल से टकरा गई। कार में चार लोग बैठे थे।
इलाज के दौरान शीशराम ओला (20) निवासी परसरामपुरा, धर्मेंद्र जाट (19) निवासी मौलासर और लोकेश जाट (20) की मौत हो गई। वहीं घटना में घायल सुनील जाट (15) को इलाज के लिए सीकर रेफर किया गया है। आज शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
घटना में मृत शीशराम की दो चचेरी बहनों की रविवार को शादी है। लोकेश और धर्मेंद्र दोनों दुल्हन के मौसेरे भाई थे। घायल हुआ सुनील भी उनके परिवार का मेंबर है। रात करीब 1:30 बजे सभी धर्मेंद्र को मौलासर छोड़ने के लिए कार लेकर सांगलिया से रवाना हुए थे। इसके बाद रात 2:30 बजे हादसा हुआ। शीशराम, लोकेश और धर्मेंद्र तीनों पढ़ाई कर रहे थे।