


बाड़मेर जिले में हाईटेंशन विद्युत पोलों पर चलती लाईन में 132 केवी की केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर डीएसटी व थाना ग्रामीण पुलिस ने 02 मुख्य अभियुक्त गोमाराम जाखड़ पुत्र गुलाराम (26) निवासी खूमें की बेरी थाना धोरीमन्ना, लाधाराम जाखड़ पुत्र अगराराम (20) निवासी महादेव नगर, नांद थाना ग्रामीण को गिरफ्तार कर इनके एक सहयोगी को डिटेन किया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त वाहन व 01 ट्रासंफार्मर जब्त किया गया है।
एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि 100 दिवसीय कार्ययोजना के तहत संगठित अपराधियों का उन्मूलन तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाये जा रहे अभियान के लिये एएसपी सत्येन्द्रपाल सिंह व सीओ आनन्दसिंह राजपुरोहित के सुपरविजन एवं एसएचओ सवाई सिंह व डीएसटी को विशेष निर्देश दिए गये।
थाना इलाके में 50 फीट उंचे हाईटेंशन लाईन 132 केवी की केबल काट कर चोरी करने की गैंग पर निगरानी के दौरान गठित टीम को ईतला मिली कि लाधाराम व गोमाराम पूर्व में काफी समय से 132 केवीए हाईटेंशन लाईन के खम्भों के स्टेक्चर का कार्य करते है तथा केबल एंव खम्भों के पूर्ण जानकार है, जो अपने सहयोगियों के साथ में मिलकर इस प्रकार की वारदातों को अंजाम दे सकते है। इस पर टीम द्वारा दोनों पर निगरानी रखी गई तो इस गैंग की इस प्रकार की वारदातों में संलिप्तता पाई गई।
गठित टीम द्वारा लाधाराम व गोमाराम को दस्तयाब किया जाकर पूछताछ की गई तो इन्होंर हाईटेंशन लाईन काटकर चोरी करने की वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर जब्त से एक संदिग्ध ट्रासफार्मर को जब्त किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर इनके सहयोगी को पुलिस टीम द्वारा जिला जैसलमेर से दस्तयाब किया गया हैं, जिसे बाड़मेर लाया जाकर पूछताछ व अनुसंधान किया जायेगा। गिरफ्तार अभियुक्तों से माल बरामदगी एंव अन्य सहयोगियों के बारे में गहन पूछताछ एंव अनुसंधान जारी है।