


केंद की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गठबंधन सरकार की तरफ से पेश किए गए अंतरिम बजट में टोंक को रेल से जोड़ने को गति मिली हैं। जिसके लिए रेल मंत्री अश्विनी कुमार ने 100.01करोड़ रुपए का बजट उपलब्ध कराया हैं। इसके बाद टोंक में भाजपा सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया की अगुवाई में भाजपाईयों ने तथा रेल लाओ संघर्ष समिति टोंक के अध्यक्ष अकबर खाॅन के समर्थको ने घण्टाघर सर्किल के समीप आतिशबाजी करके लडडू बांट करके खुशी व्यक्त की।
बजट में अजमेर मंडल को तीन सेक्शन में नई रेल लाइन बिछाने के लिए अजमेर सवाईमाधोपुर वाया टोंक के लिए नसीराबाद-सवाई माधोपुर के बीच 165 किमी नई रेल लाइन बिछाने के लिए 100 करोड़ एक लाख रुपए का बजट मिला है। वर्तमान में अजमेर से कोटा के लिए वाया चित्तौडगढ़ होकर ट्रेन संचालित होती है। इससे यात्रियों को करीब छह घंटे का समय लगता है,अब समय के बचत होगी। नसीराबाद-सवाईमाधोपुर के बीच नई रेल लाइन डलने से अजमेर सीधे टोंक से जुड़ जाएगा।
भाजपा सांसद सुखबीर सिंह ने बताया कि बजट में टोंक को रेल लाइन की सौगात मिली है। गत दिनों रेल मंत्री अश्विनी कुमार को भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपा था वहीं रेल लाइन बिछाने की मांग की गई थी। सांसद के प्रयासों से बजट में वर्ष 2012 के केन्द्रीय रेल के पूरक बजट में टोंक के लिए रेल लाइन स्वीकृत होने के बाद रेल विभाग ने स्टेशन, फ्लाइओवर तथा रेल लाइन बिछाने के लिए सर्वे समेत अन्य सभी कार्य पूरे कर लिए थे।
अजमेर-टोंक-सवाईमाधोपुर रेल परियोजना की कुल लम्बाई 165 किलोमीटर है। इसके लिए अनुमानित 873.71 करोड़ रुपए खर्च आंका गया था। रेल का कार्य सवाईमाधोपुर के चौथ का बरवाड़ा से शुरू होकर टोंक व अजमेर जिले के कई गांवों को जोड़ा जाना प्रस्तावित है। अजमेर के नसीराबाद से सवाईमाधोपुर के चौथ का बरवाड़ा तक 23 स्टेशन बनाए जाना प्रस्तावित है। इसमें चौथ का बरवाड़ा, टोंक के टोडारायसिंह का दाबडदूम्बा, बनसेरा, बरवास, टोंक का डारदाहिंद, बमोर, खेड़ा, बनेठा, सेदरी, अजमेर के नसीराबाद, लिहारवाड़ा, जयवंतपुरा, सराना, गोयला, सरवाड़, सूरजपुरा, केकड़ी, मेवड़ा, कालन, नया गांव व बघेरा शामिल हैं। भाजपा सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने राज्य सरकार की तरफ की भूमि अधिग्रहण एवं रेल लाइन के लिए खर्च राशि का पचास फीसदी हिस्सा दिए जाने के सहमति पत्र मामले में कहा कि राज्य सरकार जल्दी की अपने हिस्से की राशि एवं भूमि अधिग्रहण की सहमति मिल जाएगी।
रेल लाओ संधर्ष समिति के अध्यक्ष अकबर खान ने कहा कि टोंक को रेल लाइन से जोडने के लिए पदिले तीन सालों से निरन्तर आन्दोलन चल रहा था जिसका का परिणाम अब दिखाई देने लगा हैं । उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार भी अपने बजट में टोंक को रेल लाइन से जोडने के लिए राज्य के हिस्से का बजट एवं भूमि अधिग्रहण की सहमति देगी ताकि टोंक जो आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है,रेल लाइन से जुड जाने के बाद विकास के पथ की ओर से तेजी से बढ़ेगा ताकि सबसे अधिक औद्योगिक क्षेत्र को फायदा होगा। हालांकि लोगों को अब परियोजना शुरू होने का इंतजार है।