


लोकसभा चुनावों में उम्मीदवारों को लेकर रायशुमारी के लिए शुक्रवार को बुलाई गई जयपुर शहर जिला कांग्रेस की बैठक में हंगामा हो गया। कुछ देर हंगामे के बाद वरिष्ठ नेताओं ने बीच बचाव करके विवाद शांत करवाया। हंगामा करने वाले नेता हाल ही में घोषित जयपुर जिला कार्यकारिणी को लेकर नाराज थे। जयपुर शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आरआर तिवारी के जयचंद वाले बयान पर भी नाराजगी जता रहे थे।
पूर्व मंत्री ममता भूपेश और जयपुर जिलाध्यक्ष आरआर तिवारी ने शहर कांग्रेस कार्यालय में लोकसभा चुनावों में उम्मीदवारों पर रायशुमारी को लेकर बैठक बुलाई गई थी। रायशुमारी के लिए नेताओं को बाहर बैठाया था। इसी बीच बगरू के कांग्रेस नेता महेश कराड़िया ने हंगामा शुरू कर दिया। कांग्रेस नेता कराड़िया ने हाल ही घोषित जयपुर शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी में काम करने वाले लोगों को जगह नहीं देने और जिलाध्यक्ष के जयचंद वाले बयान पर नाराजगी जताते हुए जमकर हंगामा कर आरोप प्रत्यारोप लगाए।
कांग्रेस नेता महेश कराड़िया ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरआर तिवारी परआरोप लगाते हुए कहा कि आपने ऐसे लोगों को पदाधिकारी बना दिया जिन्होंने काम ही नहीं किया। काम करने वालों को जगह नहीं दी। उन्हें छोड़ दिया। जो काम करने वाले हैं। उनके बारे में आप सोचते ही नहीं हैं। इस तरह पद देने से आप कैसे चुनाव जीतोगे ? आपने हारने का तो पहले ही इंतजाम कर लिया।
महेश कराड़िया जैसे ही जोर जोर से बोलने लगे जयपुर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने शांत कराने की कोशिश की। नेताओं ने कहा कि आप सीनियर नेता हो। इस तरह सार्वजनिक रूप से बोलना ठीक नहीं है, अंदर जाकर बात रखिए, लेकिन कराड़िया नहीं माने। कराड़िया शांत करवाने वाले नेताओं से ही उलझ गए। कहा- 30 साल से पार्टी के लिए काम कर रहा हूं। इस पर दूसरे पदाधिकारियों ने कहा कि हम 50 साल से काम कर रहे हैं। आप इस तरह अपनी ही पार्टी का नुकसान कर रहे हो। आप अपनी और पार्टी की गरिमा खराब कर रहे हो। काफी देर तक नेताओं के बीच नोकझोंक चलती रही।
आज के हंगामे को जयपुर शहर कांग्रेस की गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है। शहर अध्यक्ष आरआर तिवारी को पूर्व मंत्री महेश जोशी सहित कई नेताओं के खेमे पसंद नहीं कर रहे हैं। हाल ही घोषित कार्यकारिणी को लेकर भी विरोधी खेमा नाराज है।