


भीलवाड़ा जिले की सुभाष नगर थाना पुलिस ने बाजार में एक्टिवा सवार महिला की चैन लूट के मामले का खुलासा कर हाईवे लूट व फिरौती जैसी गंभीर वारदात करने वाले आरोपी सहित दो शातिर बदमाशों कुलदीप जावा उर्फ गागुस पुत्र लक्ष्मण (22) निवासी थाना सिटी ब्यावर एवं शुभम जाजोटर पुत्र गोपाल लाल (22) निवासी जैकमपुरा थाना नरेना जिला दूदू को गिरफ्तार किया है। इन पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है।
एसपी श्याम सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में 21 जनवरी को आरके कॉलोनी निवासी प्रकाश जैन ने रिपोर्ट दी कि आज सुबह उसकी पुत्रवधू खुशबू जैन एक्टिवा से बाजार बच्चों की ड्रेस लेने गई थी। ऑनेस्टी पाव भाजी के पास बाइक सवार दो व्यक्ति झपट्टा मार गले से सोने की चेन छीन कर फरार हो गए। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी सिंह द्वारा एडिशनल एसपी विमल सिंह व सीओ देशराज सिंह व लक्ष्मण राम के सुपरविजन एवं एसएचओ जय सुल्तान सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज को चेक कर अज्ञात बाइक सवार के हुलिए के आधार पर तलाश शुरू की गई।
टीम ने शहर और शहर के बाहर लगे सैकड़ो सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पर प्राप्त कर उनका विश्लेषण किया। टीम सदस्य कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह द्वारा परंपरागत पुलिसिंग व मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर अज्ञात बाइक सवारों की पहचान की। इसके बाद टीम ने आरोपी कुलदीप जावा और शुभम जाजोटर को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों से पूछताछ करने पर इन्होंने भीलवाड़ा व अजमेर के कई स्थानों पर चेन लूटने की वारदात करना कबूल किया है। आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न जिलों में हाईवे लूट, फिरौती, चोरी व मारपीट के कई प्रकरण पंजीबद्ध है। इस गैंग द्वारा जिले एवं राज्य में की गई अन्य वारदातों के संबंध में गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है।