


जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के 17 वें संस्करण का जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में उद्घाटन उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया।
5 दिन के फेस्टिवल में देश-दुनिया के साहित्यकार शामिल हो रहे हैं। इवेंट की पॉपुलैरिटी को देखते हुए हर साल इसमें कुछ नया किया जाता है। इस बार फेस्टिवल में एक नया वेन्यू 'नंदघर' बनाया गया है। स्पेशली यूथ को फोकस करते हुए इसे डिजाइन किया गया है। फेस्टिवल में इस साल स्टैंड-अप कॉमेडी को भी शामिल किया है।
जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में 10 भारतीय भाषाएं और 7 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं के साहित्यकारों को सम्मिलित किया गया है। 2024 संस्करण के लिए जेएलएफ 550 से ज्यादा वक्ताओं की मेजबानी करेगा। इनमें बुकर, इंटरनेशनल बुकर, पुलित्जर, साहित्य अकादमी, पद्मश्री, पद्मभूषण, पद्म विभूषण, बैली गिफर्ड, डीएससी प्राइज, जेसीबी पुरस्कार विजेता साहित्यकार शामिल हैं।
जेएलएफ में इतिहास, राजनीति व करंट अफेयर्स, जेंडर, साइंस व मेडिसिन, फूड, मिथक, आध्यात्मिकता और धर्म, मानसिक स्वास्थ्य, फैशन और लाइफ स्टाइल, कानून व न्याय, जिओ पॉलिटिक्स, खेल, जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण सहित कई विषयों पर चर्चा होगी।
जेएलएफ के पहले दिन पोएट्री सेशन में प्रसिद्ध गीतकार गुलजार कविताएं सुनाते नजर आएंगे। गुलजार के सेशल के लिए यूथ में काफी क्रेज है। क्रिकेटः द स्पिरिट ऑफ द गेम सेशन में इंडियन टीम के पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा भी क्रिकेट से जुड़े अपने अनुभवों को शेयर करते नजर आएंगे।