


राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पांच साल बाद राजस्थान में जनता का राज आया है, और 500 साल बाद अयोध्या में प्रभु श्री राम आए हैं। जो कांग्रेस के लोग इस बात पर फूलते थे कि हमारी पार्टी के मुखिया ऐसे लोग हैं जिनके कपड़े धुलने पेरिस जाते हैं उन्हे ये बता दूं कि हमने फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों को जयपुर में एक आम चाय वाले की दुकान पर बिठाकर चाय पिलाई है।
आज भारत और फ्रांस के बीच रक्षा क्षेत्र में साझेदारी बढ़ रही है। आधुनिक हथियारों के मामले में जहां हमारा एक्सपोर्ट एक हजार करोड़ हुआ करता था वह आज बढ़कर एक लाख करोड़ को पार कर गया है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होने कहा कि राम का काज एक तपस्वी ही कर सकता है, और प्रधानमंत्री मोदी ने 11 दिन का उपवास रखकर प्रभु श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई। इधर राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई और उधर इंडी गठबंधन की प्रतिष्ठा जाने लगी और अब प्राण सकंट में हैं।
राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मीडिया में काम करने वाले लोगों को स्थानीय, प्रदेश और राष्ट्रीय विषयों से संबंधित सूचनाएं एकत्रित करके प्रसारित करनी चाहिए। इसके साथ ही तात्कालिक, नीतीगत और वैचारिक विषयों की भी जानकारी बेहद आवश्यक है। तात्कालिक घटनाओं, सरकार की नीतियों और हिंदुत्व सहित सांस्कृतिक विषयों पर हमें जानकारी होनी चाहिए।
भाजपा मुख्यालय पर शनिवार को मीडिया कार्यशाला में बोलते हुए सुधांशु द्विवेदी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्व में हमने भारत को मदर ऑफ डेमोक्रेसी के रूप में स्थापित किया है। इसलिए इस गणतंत्र दिवस पर परेड में 80 प्रतिशत महिला कैडेट्स ने भाग लिया और केंद्र सरकार के कैबिनेट में सर्वाधिक मंत्री महिलाएं हैं। हमने 4 करोड़ लोगों को पीएम आवास योजना में घर दिये हैं, जिसमें से 3 करोड़ घरों की मालिक महिलाएं हैं। आज पीएम मोदी इस काल को अमृतकाल इसलिए कहते हैं कि उनके नेतृत्व वाली सरकार ने देश में मानसिक गुलामी से आजादी दिलाई है। आज भारत ग्रोथ रेट में आगे बढ़ रहा है तो वहीं विश्व में भारत और पीएम मोदी की लोकप्रियता बढ़ रही है। तीसरी बार केंद्र में भाजपा सरकार बनने जा रही है और राजस्थान की जनता लगातार तीसरी बार भाजपा को 25 सीटें जिताने का मन बना चुकी है। तीन बार 25 सीटें जीतने पर तीनों का योग हुआ 75 तो हम यह मान सकते हैं कि राजस्थान अमृत महोत्सव मनाने जा रहा है। इस दौरान उन्होने नवमतदाताओं को साधने पर भी बल दिया।