


बाड़मेर जिले के बाखासर थाना क्षेत्र के गांव चांदासनी में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म कर हत्या के मामले में वांछित आरोपी शिक्षक छोटा हाथला थाना बाखासर निवासी प्रहलाद राम मेघवाल (32) को थाना पुलिस एवं डीएसटी ने जयपुर से रामनगरिया थाना पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि 21 जनवरी को नाबालिग के परिजनों ने स्कूली व्याख्याता प्रहलाद राम द्वारा उनकी गैर मौजूदगी में घर में जबरदस्ती प्रवेश कर बेटी के साथ जबरदस्ती बलात्कार करने के बाद हत्या कर शव को पानी के टांके में डाल कर भाग जाने के संबंध में थाना बाखासर पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
नाबालिक से रेप और मर्डर की घटना को गंभीरता से लेते हुए सूचना के तुरंत बाद एसपी दिगंत आनंद मौके पर पहुंचे। मौके पर ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र पाल सिंह व सीओ सुखराम बिश्नोई के निर्देशन में विभिन्न टीमें गठित कर उनको अलग-अलग टास्क देकर निर्देशित किया गया। एफएसएल टीम को मौके पर बुला साक्ष्य संकलित किये गए। ततपश्चात नाबालिक के शव का पोस्टमार्टम करवा अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सुपुर्द किया गया।
गठित टीम द्वारा आरोपी की पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी प्राप्त कर आसपास के रास्तों एवं बाड़मेर शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। मुखबिर तंत्र को विकसित कर जानकारी प्राप्त की गई तो आरोपी शिक्षक का घटना के रोज रात में ही ट्रेन से फरार होना पता चला। डीएसटी के कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह द्वारा आरोपी के मित्रों एवं सहयोगियों से जानकारी प्राप्त की गई तो आरोपी के जयपुर में किसी सहयोगी के यहां छिपने के बारे में सूचना मिली।
टीम ने संभावित स्थान को चिन्हित कर दबिश देकर आरोपी को जयपुर से दस्तयाब किया। जिसे बाड़मेर लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से गहन अनुसंधान और पूछताछ की जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी में शामिल टीम के सदस्य
डीएसटी से हेड कांस्टेबल मेहा राम, गुलाब खां, भूपेंद्र सिंह, शिव रतन, किशोर कुमार, निंब सिंह व चालक स्वरूप सिंह, थाना बाखासर से एसएचओ सूरजभान सिंह, एएसआई बींजाराम, रावताराम हेड कांस्टेबल रतनलाल, बाबूलाल, गोपी किशन, कांस्टेबल भोजाराम, रमेश, लक्ष्मण सिंह, रमेश कुमार, ओम प्रकाश एवं जगदीश तथा थाना रामनगरिया जयपुर से एएसआई छुट्टम लाल व कांस्टेबल रामस्वरूप।