


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जयन्ती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उन्हें नमन किया, भारत रत्न की घोषणा के ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। इस दौरान विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस निर्णय के लिए धन्यवाद ज्ञापित करने का पत्र भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी को प्रदान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने इस अवसर पर कहा कि स्वतंत्रता सैनानी कर्पूरी ठाकुर जी पांच बार विधायक और दो बार मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने जीवन पर्यंत वंचित और पिछडे वर्ग के उत्थान के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए काम किया। ऐसे व्यक्तित्व को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने भारत रत्न से सम्मानित किए जाने का जो ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है, इसकेे लिए प्रदेश की जनता की ओर से यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करता हूं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि अयोध्या के भव्य और दिव्य मंदिर में रामलला के विराजमान होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहली बार कार्यक्रम में राजस्थान की धरती पर आ रहें है, प्रदेश के लिए यह हर्ष का विषय है, जनता हर्षित और आनंदित है। राजस्थान अपनी मेहमानवाजी, परम्परा, संस्कृति और पहनावे के लिए जाना जाता है। गुरूवार 25 जनवरी को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति के जयपुर आगमन पर जयपुर की जनता उनका भव्य और दिव्य स्वागत करने के लिए आतुर है, इसके लिए विभिन्न सामजिक संगठनों, भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पारम्परिक तरीके से स्वागत की तैयारी कर रखी है।
भाजपा कार्यालय में केशकला बोर्ड पूर्व अध्यक्ष मोहन मोरवाल, नाई जाग्रति मंच संस्थान, राजस्थान प्रदेश के प्रधान महासचिव विश्वम्भर पडियार, प्रदेश प्रवक्ता शोभाग गोठडिया, विनोद करैल, अखिल भारतीय नारायणी धाम समिति ट्रस्ट महासभा के सत्यनारायण बासडी, रामजानकी वैवाहिक सेवा सैन समाज संस्थान के अध्यक्ष प्रभुदयाल सैन सहित बडी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।