


मालवीय नगर क्षेत्र में 10 साल के मासूम बच्चे से गंदी हरकत करने का मामला थाने में दर्ज हुआ है। बच्चा पड़ोसी की छत पर पतंग उड़ाने गया था। इस दौरान आरोपी पड़ोसी उसे मदद के बहाने घर के अंदर ले गया और उसके साथ गंदी हरकत की। पीड़ित बच्चे के पिता ने मालवीय नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की जांच थाना अधिकारी पूनम चौधरी कर रही हैं।
पुलिस ने बताया कि मालवीय नगर निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसने बताया कि उनके 10 साल के बेटे के साथ पड़ोसी ने गंदी हरकत की। 14 जनवरी को पड़ोसी अपनी छत पर पतंग उड़ा रहा था। इस दौरान उसका नाबालिग बेटा पड़ोसी से पूछकर उसकी छत पर चरखी पकड़ने चला गया। आरोपी पड़ोसी शराब पीते हुए पतंग उड़ा रहा था।
पीड़ित के पिता ने बताया कि आरोपी पड़ोसी ने खाने-पीने का सामान घर के अंदर रखने में मदद करने के बहाने से उसके बेटे को घर में ले गया और उसके साथ गंदी हरकत की। किसी को बताने पर भगवान की सौगंध दिलाई। बेटे को ढूंढते हुए छत पर पहुंचने पर आरोपी पड़ोसी के घर के अंदर से आता दिखा। छत पर आते ही बोला- अंकल खराब है दारू पीते हैं। कोई बात होने के बारे में पूछने पर मना कर दिया। उदास और डरा-सहमा रहने पर 2 दिन बाद परिजनों को आपबीती सुनाई। आरोपी पड़ोसी की करतूत का पता चलने पर मालवीय नगर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।