Saturday, 29 August 2026

बंद बॉडी ट्रक में पंजाब से तस्करी कर गुजरात अवैध शराब ले जाते दो तस्कर गिरफ्तार, 70 लाख कीमत के 600 कार्टन जब्त


बंद बॉडी ट्रक में पंजाब से तस्करी कर गुजरात अवैध शराब ले जाते दो तस्कर गिरफ्तार, 70 लाख कीमत के 600 कार्टन जब्त

चूरू जिले के दूधवाखारा थाना पुलिस की टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई कर नाकाबंदी में हरियाणा नंबर के एक ट्रक कंटेनर को रोक पंजाब निर्मित अवैध शराब के 600 कार्टन जब्त किए। जब्त शराब की कीमत कंटेनर समेत 70 लाख रुपए है।

एसपी प्रवीण कुमार नूनावत ने बताया कि पुलिस ने ट्रक में सवार तस्कर खेमाराम मेघवाल पुत्र नवला राम (24) एवं अमूलख मेघवाल पुत्र नवलाराम (31) निवासी धनाउ जिला बाड़मेर को अवैध शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब के लुधियाना शहर से शराब तस्करी कर गुजरात के जूनागढ़ ले जा रहे थे।

एसपी नूनावत ने बताया कि अवैध शराब व मादक पदार्थों की धर पकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेश शर्मा व सीओ जय प्रकाश अटल के सुपरविजन में एसएचओ अल्का विश्नोई मय टीम द्वारा रविवार को नाकाबंदी कर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक बंद बॉडी ट्रक कंटेनर को रुकवा तलाशी में नशे की यह बड़ी खेप जब्त की गई।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में दूधवाखारा पुलिस ने पंजाब व हरियाणा से ट्रकों द्वारा गुजरात ले जाई जा रही अवैध शराब के 2873 कार्टन सहित 5 बड़े व दो छोटे वाहन जप्त कर 8 मुलजिमों गिरफ्तार किया। वर्ष 2024 में भी अब तक पंजाब निर्मित शराब के कुल 1000 कार्टन सहित दो बड़े वाहन जब्त कर चार मुलजिमों को गिरफ्तार किया गया है।

Previous
Next

Related Posts