Saturday, 29 August 2026

सीवरेज और स्मार्ट सिटी के घटिया निर्माणों की होगी जाँच: देवनानी, एलिवेटेड रोड के नीचे टूटी सड़क सही करने के लिए सात दिन की मोहलत


सीवरेज और स्मार्ट सिटी के घटिया निर्माणों की होगी जाँच:  देवनानी, एलिवेटेड रोड के नीचे टूटी सड़क सही करने के लिए सात दिन की मोहलत

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर शहर में विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों की बैठक में कहा कि मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। लापरवाह अधिकारियों पर कारवाई होगी। स्मार्ट सिटी और सीवरेज योजना में घटिया और नियम विरुद्ध कामों की शिकायतों की सक्षम स्तर से जाँच कराई जाएगी। एलिवेटेड रोड़ के नीचे और दोनों तरफ सड़क सात दिन में सुधारा जाए।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को सर्किट हाऊस में स्मार्ट सिटी, एडीए, आरएसआरडीसी और पीडब्ल्यूडी विभागों के अफसरों की बैठक ली। श्री देवनानी ने एडीए के अधिकारियों से कहा कि करोड़ों रूपए की लागत से बनाए गए  विवेकानन्द स्मारक की स्थिति खराब है। स्मारक की देखभाल नही हो रही है। इसकी देखभाल की समुचित व्यवस्था की जाए। इसी तरह केईएम स्टेशन रोड़ पर थ्रीडी शो बन्द है,आनासागर झील में म्यूजिकल फाउण्टेन बंद है। इन्हें शीघ्र शुरू करवाया जाए। ठोस कचरा निस्तारण प्रबंधन नही हो पा रहा है। यह काम भी जल्द शुरू किया जाए। स्मार्ट सिटी के विभिन्न कामों में ईट व सरीये की गुणवत्ता भी लगातार जांची जाए।

स्मार्ट सिटी के कामकाज से संबंधित समीक्षा में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय मेडिसिन ब्लॉक की जांच की

पिडिएट्रिक ब्लॉक, मल्टी लेवल पार्किग, आइसोलेशन अस्पताल, पीजी कन्या छात्रवास निर्माण, आइसोलेशन अस्पताल निर्माण की प्रगति रिपॉर्ट ली। उन्होंने अफसरों से कहा कि इन सभी कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। इन कामों की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। घटिया निर्माण पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी।

विधानसभाअध्यक्ष देवनानी ने एलिवेटेड रोड़ के नीचे की सड़क क्षतिग्रस्त होने के मामले में आरएसआरडीसी के अधिकारियों से बात की। उन्होंने कहा कि काम में लापरवाही के कारण ही आमजन को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। आगामी सात दिनों में हालात को सुधारा जाए।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने अजमेर शहर में सीवरेज की स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीवरेज निश्चित नियमों और प्लान के हिसाब से नही डाली गई है। कई जगहों पर सीवरेज ओवर फ्लो होकर सड़कों पर बहती है। सैकड़ों कनेक्शन अभी नहीं दिए गए है। इन कामों की भी जांच करवाई जाएगी।

बैठक में एडीए, स्मार्ट सिटी, नगर निगम व आरएसआरडीसी के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवनानी ने जिला कलक्टर को दिए आबादी विस्तार के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश,विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने की जिला कलक्टर से चर्चा 

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को सर्किट हाउस में जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित से शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए पूरी संवेदनशीलता एवं समयबद्ध तरीके से काम किया जाए।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जिला कलक्टर को निर्देश किया  कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आबादी रहती है। लम्बे समय से यहां आबादी का विस्तार नही हुआ हैं। ऎसे में ग्रामीणों को पट्टे आदि मिलने में परेशानी आ रही है।  अजमेर उत्तर क्षेत्र की  ग्राम पंचायत हाथीखेड़ा एवं माकड़वाली में आबादी विस्तार के प्रस्तावों को मंजूरी दी जाए साथ ही फॉयसागर रोड़ स्थित चामुण्डा माता मन्दिर क्षेत्र का संयुक्त सर्वे  कर विकास के प्रस्ताव तैयार करवाएं जाए।

विधानसभाअध्यक्ष देवनानी ने जिला कलक्टर से साईन्स पार्क के निर्माण की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह पार्क अजमेर के शैक्षिक जगत एवं विद्यार्थियों के लिए बेहद अहम प्रोजेक्ट है। इसे जल्द से जल्द शुरू करवाया जाए।  उन्होंने शहर में बिजली, पानी, सड़क एवं अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की भी समीक्षा की।

Previous
Next

Related Posts