


जयपुर सेंट्रल जेल से 100 नंबर पर फोन कर सीएम को शूटआउट करने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई शुरू हो चुकी हैं। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह ने डीजी जेल भूपेंद्र दक से घटना को लेकर पूरी रिपोर्ट मांगी है। उधर, डीजी जेल ने गुरुवार सुबह कार्यवाहक जेल अधीक्षक ओमप्रकाश को भी हटा दिया है। ओमप्रकाश अगस्त 2023 से कार्यवाहक जेल अधीक्षक के पद पर लगे हुए थे।
लालकोठी थाना पुलिस ने मुख्यमंत्री को धमकी देने वाले तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। अब पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ करेगी कि आखिर फोन किसने दिया। मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों में से एक के पास मोबाइल था, दूसरे के पास सिम थी और तीसरे आरोपी ने फोन कर धमकी दी थी।
प्रशासन और पुलिस के अधिकारी सेंट्रल जेल पहुंचे, जहां जांच के बाद कॉल करने वाले दो बंदियों से मोबाइल जब्त किया । जेल प्रशासन ने बुधवार रात हेड वार्डन अजय सिंह राठौड़ और वार्डन मनीष कुमार यादव को निलंबित कर दिया।
जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि जेल में बंद पॉक्सो एक्ट के बंदी ने बुधवार सुबह कंट्रोल रूम में फोन कर मुख्यमंत्री शर्मा को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद कॉल काटकर मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया । पुलिस टीम ने तत्काल तकनीकी आधार पर जांच शुरू की और धमकी देने वाले आरोपी की पहचान कर ली। 5 साल से पॉक्सो के मामले में जयपुर जेल में बंद बंदी ने फोन किया था।
जेल प्रशासन ने लाल कोठी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ करेगी। जांच के बाद ही पता चलेगा कि जेल में बंदी के पास मोबाइल कहां से आया।