


सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशानुसार 14 फरवरी तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता सप्ताह का शुभारम्भ सोमवार को हुआ। सड़क सुरक्षा सप्ताह गतिविधियों के तहत सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर से ई-रिक्शा रैली निकाली गई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्श चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी संपतराम वर्मा एवं जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल बैरवा ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के अतिथियों ने वाहन चालकों एवं आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा एवं वाहन चालको की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सबका प्रयास एवं भागीदारी की आवश्यकता है। जिले में प्रति वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में व्यक्ति, विशेष रूप से युवा यातायात नियमों का पालन नहीं करने एवं लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मृत्यु एवं घायल हो जाते है। साथ ही, कुछ व्यक्ति जीवनभर के लिए शारीरिक अपंगता के कारण सामान्य जीवन नहीं जी पाते है। यह न केवल वाहन चालकों बल्कि उनके परिवार एवं जिले के लिए भी अपूरणीय क्षति है। यदि हम सभी मिलकर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
जिला परिवहन अधिकारी संपतराम वर्मा ने वाहन चलाते एवं पैदल चलते समय यातायात नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा वर्ष 2024 की थीम सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा है। इस दौरान सड़क सुरक्षा संबंधी प्रदर्शनी, नुक्कड नाटकों का आयोजन, रिफ्लेक्टर टेप लगाने, दुपहिया वाहनों पर हेलमेट और चौपहिया वाहनों में सीट बैल्ट की अनिवार्यता की जांच करते हुए समझाईश व कार्यवाही की जाएगी ।