


टोंक जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने कहा है कि देश के लिए शहीद हुए सैेनिकों की कुर्बानी को भुलाया नहीं जा सकता। जिन्होंने हमारे लिए, देश व देशवासियों के लिए अपनी कुर्बानी दी है,ऐसे सैनिक शहीदों की वीरांगनाओं एवं परिवारों की हर सम्भव मदद की जाए यह हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारा भी दायित्व है कि शहीदों के परिजनों को किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हो हम हर सम्भव मदद करें।
उन्होंने देश के लिए शहीद हुए सैनिको की चर्चा करते हुए कहा कि वीरांगनाओ व भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं का जिला प्रशासन की तरफ से गाइड लाइन के अनुसार हर सम्भव समाधान का प्रयास किया जाएगा। जिला कलक्टर ने पत्रकारों से बताचीत में कहा कि जो समस्याएं जिला प्रशासन की गाइड लाइन की होंगी वह यहीं हल की जाएगी तथा जो समस्याएं केंद्र या राज्य सरकार की गाइड लाइन में होगी उनका भी समाधान की कोशिश की जाएगी।
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय टोंक एवं गौरव सेनानी पूर्व सैनिक कल्याण संस्थान टोंक की तरफ से राजकीय महाविद्यालय टोंक के खेल मैदान सआदत पवेलियन में स्थित शहीद स्मारक में रविवार को आठवां सशस्त्र भूतपूर्व सैनिक (वेटरन्स)दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह मे मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलक्टर डॉ.सौम्या झा मौजूद थी जिन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित करके शहीदों को श्रद्वांजलि अर्पित की।
समारोह में जिला कलक्टर ने वीरांगना श्रीमती न्नदू देवी आवां, श्रीमती राधा देवी ढिकोलिया ,श्रीमती शोभा देवी टोंक,श्रीमती देव कुमारी देवली,श्रीमती मनोहरदेवी नोहटा निवाई तथा श्रीमती अयोध्या देवी अरनिया माल को शाॅल ओढा करके सम्मानित किया साथ ही वयोवृद्ध वेटरन्स नायब सुबेदार जगदीश प्रसाद,काॅरपोरल रामकरण जाट एवं सिपाही रामनारायण सिंह को साफा बंधवा करके स्म्मानित किया। जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने वीरांगनाओं से पारिवारिक जानकारी सहित उनकी समस्याओं की सुनवाई भी की। साथ ही पूर्व सैनिकों ने टोंक जिले में कैन्टीन खुलवाए जाने की मांग करते हुए बताया कि पूर्व सैनिकों को सामान के लिए जयपुर या कोटा जाना पडता हैं वहीं टोल फ्री किए जाने,पूर्व सैनिको के इलाज के लिए ईसीएसएस कार्ड एवं टोंक जिले में इन पूर्व सैनिको के इलाज के लिए किसी भी अस्पताल को पैनल में शामिल नही किया गया।