


22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव होगा। इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर के मंदिरों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में राजस्थान के मंदिरों में हनुमान चालीसा पाठ किया जाएगा। मुख्यमंत्री और मंत्री अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं।
जयपुर में झारखंड महादेव मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को इसकी शुरुआत करनी थी, लेकिन उनके नहीं आने पर राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने इसका शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह 9.30 बजे भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर हनुमान चालीसा पाठ की शुरुआत करने वाले थे, लेकिन व्यस्त कार्यक्रम के कारण वह मंदिर नहीं पहुंच पाए। इसके बाद उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह ने झारखंड महादेव का अभिषेक कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उद्योग राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा का व्यस्त कार्यक्रम होने के कारण वह यहां नहीं पहुंच पाए। शुक्रवार को जयपुर में ही उप राष्ट्रपति जगदीप धनकर का भी कार्यक्रम है, इसलिए प्रोटोकॉल के नाते मुख्यमंत्री शर्मा को वहां जाना पड़ा। लोग सुबह से इंतजार कर रहे थे, इसलिए कार्यक्रम की शुरुआत कर दी गई है। मुख्यमंत्री बाद में दर्शन करने आ सकते हैं।