


4 साल बाद जयपुर के एसएमएस इनडोर स्टेडियम में 12 से 17 जनवरी तक प्रो कबड्डी लीग में 11 मैच का आयोजन किया जाएगा। इसमें जयपुर के साथ प्रो कबड्डी लीग में शामिल सभी टीमों के मैच होंगे। प्रो कबड्डी लीग के मुकाबले को देखने के लिए अमिताभ बच्चन भी आ सकते हैं। गुरुवार को जयपुर में पिंक पैंथर टीम के ओनर अभिषेक बच्चन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पापा (अमिताभ बच्चन) स्टेडियम में आकर प्रो कबड्डी लीग के मैच नहीं देखते हैं। उन्हें ऐसा लगता है कि जिस दिन मैं मैच देखने आता हूं, हमारी टीम हार जाती है।
अभिषेक बच्चन ने कहा कि इस साल हमारी टीम के कप्तान सुनील ने उन्हें मुंबई में हुआ मैच देखने बुलाया था। वह मैच हमारी टीम जीत भी गई। इसके बाद मैंने पापा से कहा कि अब आप जयपुर में भी मैच देखने आएंगे। हालांकि वह कब आएंगे। इसकी जानकारी तो मुझे भी नहीं है। मैंने उन्हें जयपुर में भी मैच देखने के लिए बुलाया है।
अभिषेक ने कहा कि मुझे कबड्डी में कोई दिलचस्पी नहीं थी। उन्होंने कहा कि बचपन में 'गंगा की सौगंध' पापा की एक फिल्म आई थी। इसमें वह कबड्डी खेलते हैं। तब मैंने उनसे पूछा था पापा यह कौन सा खेल है। तब उन्होंने मुझे घर के बगीचे में ले जाकर कबड्डी खेलना सिखाया था। तभी से कबड्डी का शौक मुझे मेरे पिता से विरासत में मिला था। जब मैं दिल्ली स्कूल में था, तब मैं कबड्डी खेला करता था।
अभिषेक बच्चन ने कहा कि इसके बाद जब मैं बोर्डिंग स्कूल चला गया। कबड्डी से मेरा नाता टूट गया। हालांकि जयपुर पिंक पैंथर टीम का ओनर बनने के बाद मुझे फिर से कबड्डी खेलने का मौका मिला। मैं भी कई बार टीम के खिलाड़ियों के साथ प्रैक्टिस करता हूं। इनके साथ प्रेक्टिकल खेलने में मुझे भी थोड़ा डर लगता है।
अभिषेक ने कहा कि जिस तरह आम जनता के मन में अयोध्या राम मंदिर को लेकर उत्साह है। इस तरह का उत्साह मेरे मन में भी है। मैं भी देखना चाहता हूं मंदिर कैसा बना है। मैं भी राम मंदिर जाकर दर्शन करना चाहता हूं।
अभिषेक बच्चन ने कहा कि हमारी टीम हर बार अच्छा खेलती है। मैं कभी भी टीम की जीत और हार को लेकर ज्यादा नहीं सोचता हूं। टीम जीते या हारे मुझे इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। बस यही चाहता हूं की टीम के खिलाड़ी हर मैच में अपना 100 प्रतिशत दें। जैसा वह अब तक देते आए हैं। इस बार भी राजस्थान की टीम शानदार लय में है। मुझे पूरी उम्मीद ही नहीं बल्कि, विश्वास है कि राजस्थान में इस बार शानदार कबड्डी का खेल होने वाला है।
अभिषेक ने कहा कि हमारी टीम के कोच संजीव बालियान और कप्तान सुनील काफी अनुभवी है। दोनों ने इस बार लीग को लेकर काफी शानदार रणनीति तैयार की है। जिसे मैं आपके सामने तो नहीं बताऊंगा। जब हमारे खिलाड़ी मैदान में खेलने उतरेंगे तब सामने वाली टीम को काफी परेशान कर देंगे। इस बात का मुझे पूरा विश्वास है।