


अजमेर डिस्कॉम के पंचशील स्थित मुख्यालय पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के जन्मदिवस के उपलक्ष में रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 142 यूनिट रक्तदान तथा 350 से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।
शिविर के दौरान देवनानी ने कहा कि रक्तदान जरुरी है, यह जन कल्याण की धुरी है। अजमेर डिस्कॉम की सामाजिक सरोकारों के प्रति यह अच्छी पहल है। डिस्कॉमकर्मियों ने अपने कार्यालय के कामकाज के अलावा सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए रक्तदान जैसा पुनीत कार्य द्वारा एक अच्छा संदेश दिया है। ऐसी गतिविधियों से ना केवल सामाजिक उत्तरदायित्व निभाया जाता है बल्कि कार्मिकों में भी नई ऊर्जा का संचार होता है।
प्रबन्ध निदेशक एन एस निर्वाण ने बताया कि रक्तदान शिविर में रक्तदान देने वाले कार्मिको को विधानसभा अध्यक्ष देवनानी द्वारा सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। प्रबंध निदेशक ने इस मौके पर कहा कि रक्तदान कर हम जहां एक ओर किसी की जान बचाते हैं वहीं दूसरी ओर इससे जबर्दस्त आत्मसंतुष्टि मिलती है। इसीलिए अजमेर विद्युत वितरण निगम अपने सामाजिक सरोकारों के तहत हर वर्ष रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन करता है।