


टोंक जिले की विधानसभा निवाई से विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए संकल्पद्ध है। जिसके लिए जरूरी है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव -गांव,ढाणी-ढाणी तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा और विकसित भारत चित्र प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम इस लक्ष्य को हासिल किए जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
निवाई विधायक रामसहाय वर्मा ने बुधवार को टोंक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोठी नातमाम के सभागृह में केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के जयपुर प्रादेशिक कार्यालय के तत्वाधान में आयोजित तीन दिवसीय मल्टी मिडिया प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह मे बोलते हुए कहा कि प्रधानमन्त्री नरेनद्र मोदी के इस विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवा अपनी महत्तवपूर्ण निभा सकते हैं। कार्यक्रम में टोंक की जिला प्रमुख सरोज बंसल, पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो की अपर महानिदेशक ऋतु शुक्ला, केंद्रीय संचार ब्यूरो के संयुक्त निदेशक रामखिलाड़ी मीणा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल बैरवा, आईसीडीएस की उपनिदेशक सरोज मीणा, पूर्व जिला परिषद सदस्य नरेश बंसल, प्रधानाचार्य शंकर शंभू गोगवाल, सहकारी सेवा समिति के अध्यक्ष उमराव सिंह,भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ की नीलिमा आमेरा, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सैनी बबलू टेंकर ,भाजपा टोंक मंडल के अध्यक्ष राजेश शर्मा भी मौजूद थे।
विधायक वर्मा ने कहा कि विकसित भारत के सपने को पूरा करने में युवा पीढ़ी का योगदान सबसे ज्यादा है,यदि प्रत्येक युवा अपने कर्तव्यों को पहचान करके उसके अनुरूप अपने जीवन की दिशा तय करेगा तो इससे न सिर्फ उसका परिवार,गांव बल्कि देश भी आगे बढ़ेगा। जिला प्रमुख सरोज बंसल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी पूरे भारत को एक परिवार मानकर उसी तरह से सबकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं जैसे किसी परिवार का मुखिया करता है। उनका किसान, गरीब और महिलाओं की तकलीफों को दूर करने पर विशेष ध्यान है। हम सबको मिलकर भारत को मजबूत, विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास करने हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में संयुक्त निदेशक रामखिलाड़ी मीणा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह के कार्यक्रम पूरे राजस्थान में आयोजित किए जा रहे हैं। इनका प्रमुख उद्देश्य मनोरंजक तरीकों से शासन की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि टोंक में यह प्रदर्शनी 12 जनवरी तक सुबह दस से शाम पांच बजे तक आम जनता के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।कार्यक्रम को आईसीडीएस की उपनिदेशक सरोज मीणा ने संबोधित करते हुए उनके विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय प्रचार सहायक भारत भार्गव ने किया। आभार प्रदर्शन प्रेम सिंह ने किया। कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य व चिकित्सा विभाग, महिला व बाल विकास विभाग, डाक विभाग आदि विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल भी लगाई गई थी।