


केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। निवाई विधायक रामसहाय वर्मा और जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने मंगलवार कोे पंचायत समिति पीपलू की ग्राम पंचायत बगड़ी में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कैंप का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागों द्वारा लगाये गये काउंटर पर जाकर योजनाओं की जानकारी ली। साथ ही, अभी तक किये गए पंजीकरण के बारे में पूछा।
निवाई विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने व इनके प्रभावी क्रियान्वयन, जागरूकता एवं योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य प्राप्ति के संबंध में विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि टोंक जिले के गांव-गांव ढाणी-ढाणी तक योजनाओं का लाभ वंचित वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। वर्मा ने आमजन को विकसित भारत संकल्प की शपथ दिलाई।
जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने विकसित भारत संकल्प यात्रा निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लगातार शिविरों का निरीक्षण करते रहे। साथ ही विकसित भारत संकल्प यात्रा में हो रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लें। जिससे जिले को अग्रणी स्थान दिलाया जा सके। उन्होंने शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उन्हें शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया। इस दौरान उपखंड अधिकारी वर्षा शर्मा, तहसीलदार, विकास अधिकारी और समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।