


बारां अवैध खनन की रोकथाम के लिए मुण्डिया गांव गए डीएसटी के दो कांस्टेबल को जान से मारने की नीयत से मोटरसाइकिल को टक्कर मार एक जवान पर ट्रैक्टर ट्राली चढ़ाने के मामले में थाना मांगरोल पुलिस की टीम ने आरोपी राजेंद्र वैष्णव उर्फ राजू (40) निवासी पुराना मुण्डिया थाना मांगरोल को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर टोली जप्त कर ली है।
एसपी राजकुमार चौधरी ने बताया कि 20 दिसंबर 2023 को मांगरोल एसएचओ सहदेव सिंह मय डीएसटी के अवैध खनन की चेकिंग के लिए मुण्डिया गांव गए थे। वहां से पार्वती नदी में अवैध खनन की रोकथाम के लिए रवाना हुए। डीएसटी के कांस्टेबल मोहित छाबड़ा व राजेंद्र सिंह को कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए पार्वती नदी से कुछ दूरी पहले छोडा गया और कांस्टेबल चालक राजेंद्र सिंह को सरकारी गाड़ी के साथ गांव मुण्डिया में छोड़ा गया था।
कुछ समय बाद मुण्डिया गांव में छोड़े गए कांस्टेबल चालक राजेंद्र सिंह ने कॉल कर मोहित छाबड़ा को बताया कि कुछ ट्रैक्टर वाले जानबूझकर उससे उलझ रहे हैं और सरकारी गाड़ी को तोड़ने की बात कर रहे हैं। इस पर कांस्टेबल मोहित छाबड़ा और राजेंद्र सिंह किसी राहगीर की मोटरसाइकिल लेकर चालक राजेंद्र के पास जा रहे थे। तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने दोनों कांस्टेबल को जान से मारने के लिए पीछे से टक्कर मारी। राजेंद्र सिंह बाइक से कूद गया, मोहित के ऊपर ट्रेक्टर चढ़ा दिया। टक्कर से मोहित का पैर फ्रैक्चर हो गया। इस पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
घटना की गंभीरता को देख आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीओ अन्ता ओमेंद्र सिंह के सुपरविजन एवं एसएचओ मांगरोल सहदेव सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा वांछित मुलजिम राजेंद्र वैष्णव को सिंघोला तिराहे से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुलजिम की सूचना पर घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर टोली जप्त की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमाण्ड पर लेकर घटना के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।