


केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अंतिम छोर तक प्रचार-प्रसार एवं पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आईईसी वैनों का जिले की ग्राम पंचायतों में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जा रहा है। इसी के तहत सोमवार को ब्लॉक निवाई की ग्राम पंचायत भरथला एवं ब्लॉक उनियारा के ग्राम मंडावरा में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर का जिला प्रभारी सचिव संदीप वर्मा ने निरीक्षण किया।
इस दौरान जिला प्रभारी सचिव ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित होने वाले शिविरों में आमजन आयुष्मान भारत योजना सहित 17 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत वंचित वर्ग प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम उज्जवला योजना तथा किसान वर्ग मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आदि में पंजीकरण के माध्यम से लाभान्वित हो सकते है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा देश के गांव-गांव में जाकर आमजन को केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक एवं लाभान्वित कर रही है।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत प्रचार वैनों के उक्त ग्राम पंचायतों में पहुंचने पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया। वैन की एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जा रही फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को सभी ने सुनकर योजनाओं में अपना पंजीकरण करवाया।
उक्त ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों को विकसित भारत बनाने के संकल्प की शपथ दिलाई गई। शिविरों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मनोरंजन के साथ-साथ आमजन को योजनाओं से जुड़े लाभों की जानकारी से अवगत कराते हुए मौके पर ही विभिन्न योजनाओं में पंजीकरण का कार्य किया गया। इस दौरान योजनाओं से संबंधी प्रचार सामग्री, ब्रोशर, पैम्पलेट, कैलेण्डर आदि का वितरण किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित हेल्थ कैंप में ग्रामीणों का हेल्थ चेकअप किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम धरती कहे पुकार की में प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में ऑन स्पॉट क्विज का आयोजन किया गया जिसमें विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।