Saturday, 29 August 2026

अलवर में पकड़ा अवैध हथियारों का जखीरा : दो गिरफ्तार, एक पिस्टल, 2 रिवाल्वर, 3 देशी कट्टे और 28 कारतूस बरामद


अलवर में पकड़ा अवैध हथियारों का जखीरा : दो गिरफ्तार, एक पिस्टल, 2 रिवाल्वर, 3 देशी कट्टे और 28 कारतूस बरामद

एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने मंगलवार को दूसरी बड़ी कार्रवाई करते  हुए अलवर जिले के सदर थाना इलाके में दो हथियार तस्करों को पकड़ अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पकड़े गए तस्कर महुवा थाना सदर जिला अलवर निवासी एजाज अहमदऔर सालमपुर बास थाना अरावली विहार अलवर निवासी साहिल खान है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध एवं एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स दिनेश एमएन ने बताया कि इनके पास से टीम ने एक पिस्टल, दो रिवाल्वर तीन देशी कट्टे और 28 कारतूस बरामद किए है। आरोपी स्थानीय गैंग को हथियार डिलीवर करने निकले थे। दोनों को अवैध हथियार समेत अलवर के थाना सदर पुलिस को सौंपा गया है। थाना पुलिस हथियार के स्रोत और इनके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि गैंगस्टर्स, हार्डकोर क्रिमिनल्स, इनामी व वांछित अपराधियों की निगरानी के दौरान टीम के हेड कांस्टेबल हेमंत शर्मा को आसूचना प्राप्त हुई की अलवर जिले में हथियार तस्कर बाहर से हथियार लाकर स्थानीय क्रिमिनल्स को उपलब्ध करवा रहे हैं। इस सूचना पर आईजी क्राइम प्रफुल्ल कुमार के पर्यवेक्षण एवं एडिशनल एसपी आशा राम चौधरी के सुपरविजन तथा इंस्पेक्टर राम सिंह नाथावत के नेतृत्व में एक टीम अलवर रवाना की गई।

आ सूचना डवलप करने के दौरान एकत्रित जानकारी एवं तकनीकी सहायता से मंगलवार को सदर थाना क्षेत्र के महुआ टोल के आगे हथियारों की खरीद फरोख्त की जानकारी हासिल हुई। सूचना पर एजीटीएफ ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर दादर गांव के पास खड़े दोनों युवकों एजाज अहमद और साहिल खान को दबोच लिया। आरोपी वहां किसी को हथियार बेचने की फिराक में खड़े थे। तलाशी में एक पिस्टल, दो रिवाल्वर तीन देशी कट्टे और 28 कारतूस मिलने पर दोनों को थाना पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि संपूर्ण कार्रवाई में हेड कांस्टेबल हेमंत शर्मा की विशेष भूमिका, हेड कांस्टेबल शंकर दयाल शर्मा और कमल सिंह का तकनीकी सहयोग रहा वहीं टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर राम सिंह द्वारा किया गया। टीम में इनके अतिरिक्त हेड कांस्टेबल रामनिवास, कांस्टेबल भूपेंद्र शर्मा, देवेंद्र व कांस्टेबल चालक विश्राम शामिल थे।


Previous
Next

Related Posts