


केंद्र सरकार की संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अंतिम छोर तक प्रचार-प्रसार एवं पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत ’मोदी की गारंटी’ नाम से लोकप्रिय आईईसी वैनों का जिले की ग्राम पंचायतों में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जा रहा है। इसी के तहत मंगलवार को ब्लॉक पीपलू की ग्राम पंचायत सोहेला में आईईसी वैन पहुंची। साथ ही, विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर का आयोजन हुआ।
जिला कलक्टर डॉ. ओमप्रकाश बैरवा ने विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित होने वाले शिविरों में आमजन आयुष्मान भारत योजना सहित 17 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत वंचित वर्ग प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम उज्जवला योजना तथा किसान वर्ग मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आदि में पंजीकरण के माध्यम से लाभान्वित हो सकते है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा देश के गांव-गांव में जाकर आमजन को केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक एवं लाभान्वित कर रही है। इस दौरान जिला कलेक्टर ने आमजन को विकसित भारत की शपथ दिलाई।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित हेल्थ कैंप में ग्रामीणों का हेल्थ चेकअप किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम धरती कहे पुकार की में प्लास्टिक के उपयोग से होेने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में ऑन स्पॉट क्विज का आयोजन किया गया जिसमें विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के शिविर में जिला कलक्टर डॉ. बैरवा ने आमजन को केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर कृषि विभाग के द्वारा ड्रोन के माध्यम से खेतों में कीटनाशक का छिड़काव का प्रदर्शन कर आमजन को नवीन तकनीक की जानकारी दी गई। इस दौरान कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक केके मंगल, विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व कार्मिक मौजूद थे।
शिविर में जिला कलक्टर डॉ. बैरवा ने कैंप में आए लोगों की सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को सुना एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियत समय पर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। अधिकांश ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में पेयजल समस्या को लेकर शिकायत की। जिला कलक्टर ने मौके पर ही जलदाय विभाग के सहायक अभियंता प्रियांशु विजयवर्गीय को पेयजल की शिकायतों का स्थायी समाधान करने के लिए निर्देशित किया।