


बीपीएल और उज्जवला योजना से जुड़े लोगों को सिलेंडर भरवाने पर 1 जनवरी से रसोई गैस ₹ 50 सस्ती मिलेगी। वर्तमान में इन उपभोक्ताओं को ₹ 500 में सिलेंडर मिल रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार ने रसाई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना के तहत इसे ₹ 450 में देने की घोषणा की थी। इसका फायदा तब मिलेगा, जब उपभोक्ता विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत शहरों और गांवों में लग रहे कैंप में अपना रजिस्ट्रेशन करवाएंगे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से जारी आदेशों के मुताबिक हर परिवार (उज्जवला और बीपीएल श्रेणी) को माह में एक सिलेंडर ₹ 450 में मिलेगा।एक ही सिलेंडर पर सब्सिडी उपलब्ध करवाई जाएगी। ये सब्सिडी की राशि उपभोक्ता के बैंक खाते में उपलब्ध करवाई जाएगी।
सरकार के इस निर्णय के बाद राज्य के वित्तीय कोष पर हर महीने ₹ 52 करोड़ का अतिरिक्त भार आएगा। वर्तमान में तेल-गैस कंपनियां 14.2 किलोग्राम का रसोई गैस सिलेंडर ₹ 906 में उपलब्ध करवा रही है। केन्द्र सरकार की ओर से उज्जवला कनेक्शनधारियों को ₹ 300 की रिबेट या कहे सब्सिडी दी जाती है।
राज्य में वर्तमान में 70 लाख उज्जवला और बीपीएल कनेक्शनधारी है। इसमें करीब 66 लाख उज्जवला के है, जबकि 4 लाख बीपीएल कनेक्शनधारी। केन्द्र सरकार की ओर से उज्जवला कनेक्शनधारियों को ₹ 300 सब्सिडी देने के बाद राज्य सरकार को ₹ 156 सब्सिडी अलग से देनी पड़ेगी। वर्तमान में राजस्थान में ₹ 500 की राशिमें 30 लाख सिलेंडर हर माह रिफिल करवाए जा रहे है।