


टोंक जिले के अलीगढ़ थाना क्षेत्र के देवली गांव के पास पैंथर दिखाई देने से हडकंप मच गया। मामले की जानकारी के बाद उनियारा रेंजर पुलिस जाप्ते के साथ पहुंचे ,जिन्होने वन्यजीवों से दूर रहने की ग्रामीणों को सलाह दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पैंथर देवली गांव के पास वन विभाग के प्लांटेशन के नजदीक स्थित खेत में दिखाई देने के बाद खेत मालिक ने आस-पास ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इधर पेंथर के दिखाई देने की सूचना क्षेत्र में फैल गई, जिससेे बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। मामले की जानकारी मिली तो अलीगढ़ थाना पुलिस व उनियारा वन विभाग के रेंजर विजय कुमार वनकर्मियों के साथ पहुंचे, जहा पैंथर लोहे के जाल में फंसा हुआ था, जो निकल नही पा रहा था। पेंथर की सूचना के बाद रणथम्बोर टाईगर रिजर्व की टीम भी पहुंची तथा पैंथर को ट्रेंकुलाइज करती, लेकिन इससे पहले ही लोगों के शोरगुल के कारण पैंथर घबराकर लोहे के झाल में से खींचतान करने लगा और निकल कर सरसों के खेत के रास्ते भाग छुटा। जिसके बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली।
दूसरी और ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी कई बार पैंथर व अज्ञात जंगली जानवर दिखाई देने से दहशत बनी हुई थी, जिसको लेकर वन विभाग की टीम ने भी गांव में आकर देखा था, लेकिन उस समय जानवर दिखाई नहीं दे पाया था।