


टोंक जिले के पीपलू में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की स्टालो से आमजन को योजनाओं की जानकारी दी गई। कैंप में मरीजों की सेहत की जांच करके दवा उपलब्ध कराई गई। वंचित पात्रों को योजना का लाभ दिलाने के लिए पंजीकरण किया गया साथ ही पत्र व्यक्तियों को केम्प में ही लाभ दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अलका सिंह गुर्जर,निवाई विधायक रामसहाय वर्मा, प्रधान रतनी देवी चंदेल, जिला महामंत्री प्रभु बाडोलिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामनिवास गुर्जर ने की। शिविर में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में 4 लाभार्थियों को सिलेंडर-चूल्हे का वितरण किया वहीं राजीविका द्वारा संचालित 15 स्वयं सहायता समूहों को बीआरकेजीबी बैंक पीपलू शाखा द्वारा कुल 48 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। कृषि विभाग द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण किया गया। वहीं ड्रोन से खेत में नैनो यूरिया का छिड़काव का प्रदर्शन किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई व अन्न प्रासन कार्यक्रम आयोजित किया गया।शिविर में वक्ताओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाने के प्रति कटिबद्धता जताई। विभिन्न योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अलका सिंह गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग को मिल रहा है। उन्होंने राजस्थान विधानसभा चुनावों तुष्टीकरण के मुद्दे पर चुनाव लडऩे के सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा तुष्टीकरण की नहीं संतुष्टिकरण की राजनीति करती है। वर्गभेद करके अपनी राजनीति चमकाना, वोट बैंक की राजनीति करना, समाज में विभेदनकारी राजनीति करना यह कांग्रेस का काम है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में जाति, पार्टी का भेद नहीं बल्कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक लाभार्थी को मिले यह भाजपा की नीति है। राजस्थान में 23 दिन बाद भी मंत्रीमंडल के गठन नहीं होने के सवाल का जवाब देते हुए अलका सिंह ने कहा कि बहुत जल्दी ही गठन हो जाएगा तथा सरकार वास्तव में जनता की सरकार होगी तथा जनता के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करेगी।
नवनिर्वाचित विधायक रामसहाय वर्मा ने अधिकारियों से कहा कि वह जनता का काम करें। ग्रामीण जनता को सरकार की योजनाओं के बारे जागरूक करने की व्यवस्था करें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारी बर्दाश्त नहीं होंगे। जनता के वाजिब कामों में कोई कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। भाजपा सुशासन के संकल्प के साथ काम करेगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विधानसभा में लंबे समय से चरागाह में बसे हुए लोगों को भी आबादी में शामिल करने की मांग उठाकर लोगों के पक्के मकान बनाने के सपने साकार होंगे। उन्होंने कहा कि गांव के गरीब से लेकर शहर की झुग्गी-झोपड़ी तक योजनाएं पहुंचाने के लक्ष्य को लेकर प्रतिबद्धता जताते हुए प्रधानमंत्री ने गारंटी दी है जो भी योजना का लाभ पाने से वंचित रह गए हैं, उन्हें भी भविष्य में योजनाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने विभिन्न योजनाओं का लाभ ले चुके लाभार्थियों का आह्वान किया कि एंबेसडर बनकर दूसरों को भी बताएं कि उन्हें योजनाओं का फायदा किस तरह मिला है। विकसित भारत के संकल्प के साथ मोदी की गारंटी वाली गाड़ी देश के कोने-कोने में पहुंच रही है। कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष जगदीशसिंह राजावत, राजेश गौड़, देवशंकर गुर्जर, बाबूलाल माहेश्वरी, सियाराम शर्मा, पूर्व प्रधान ममता चौधरी, पूर्व सरपंच प्रेमचंद जैन, निवाई प्रधान रामअवतार लांगड़ी, विकास अधिकारी योगेश कुमार मीणा, एसडीएम वर्षा शर्मा, नंदलाल गुर्जर, पार्षद अंकित वर्मा, श्योराज चौधरी, अशोक जैन आदि मौजूद थे।