

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने सोमवार को श्रीगंगानगर के करणपुर विधानसभा में चुनावी दौरा कर भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने बूथ सम्मेलन और किसान संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित किया और भाजपा जिला कार्यालय श्रीगंगानगर में पत्रकार बंधुओं से संवाद किया। उन्होंने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि चुनाव संकल्प पत्र के माध्यम से भाजपा ने राजस्थान की जनता से जो वादे किए थे उन्हे पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार कृत संकल्पित है और सुशासन, प्रगतिशील, सशक्त, विकसित, सुदृढ़ एवं स्वस्थ राजस्थान की कल्पना को लेकर आगे बढ़ रहें है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जोशी ने कहा कि मोदी जी जैसा करिश्माई नेतृत्व ही ऐतिहासिक निर्णय ले सकता है। कांग्रेस अब तक उस औरंगजेब का महिमामंडन करती आई है जिसने धर्म परिवर्तन नहीं करने पर बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी को बहुत ही छोटी उम्र में जिन्दा दीवार में चुनवा दिया था।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पहली बार दोनों वीर साहबजादों के नाम से 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने का निर्णय लिया। अब पूरा देश वीर बाल दिवस पर दोनो वीर साहबजादों को याद करेगा। ।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अटल जी के पदचिन्हों पर चलते हुए ही देश को मजबूती देने का काम कर रहें है। मोदी सरकार में प्रत्येक ग्राम पंचायत में फाईबल केबल के माध्यम से कनेक्टिविटी शुरू हुई जिससे जनता तक योजनाएं पहुंच रही है और लेन देन सुलभ हो पाया है, देश में जितने केन्द्रीय और नवोदय विद्यालय नहीं है उससे ज्यादा जनजाति क्षेत्र के बच्चों के लिए उन्नत और गुणवत्ता वाले एकलव्य विद्यालय खुले है, भारतीय सेना हर तरह से मजबूत हो रही है, आज भारत ब्रिटेन को पछाडकर दुनिया की पांचवी बडी अर्थव्यवस्था बना है और मोदी जी के नेतृत्व में शीघ्र ही भारत दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था के रूप में दस्तक दे रहा है।