Saturday, 29 August 2026

56 लाख की साइबर ठगी में एक आरोपी गिरफ्तार, इंटरनेशनल फाइव स्टार होटल में प्रतिनिधि बनाने के नाम पर कर रहा था ठगी


56 लाख की साइबर ठगी में एक आरोपी गिरफ्तार, इंटरनेशनल फाइव स्टार होटल में प्रतिनिधि बनाने के नाम पर कर रहा था ठगी

चूरू इंटरनेशनल फाइव स्टार होटल में प्रतिनिधि बनाने के नाम पर 56 लाख की ठगी करने के आरोपी वृषभ शर्मा उर्फ ऋषभ शर्मा निवासी सेक्टर 9 गुड़गांव हरियाणा को राजगढ़ थाना पुलिस की टीम ने देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि 10 अक्टूबर को वार्ड नंबर 8 कस्बा राजगढ़ निवासी पीड़ित इस्पाक अली ने एक रिपोर्ट दी की पार्ट टाइम जॉब के नाम पर लग्जरी होटल में हिस्सेदारी व मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर उसके साथ 56 लाख रुपए का साइबर फ्रॉड हुआ है। रिपोर्ट पर आईपीसी व आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी नूनावत द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी व सीओ इस्लाम खान के सुपरविजन एवं एसएचओ राजगढ़ सुभाष चंद्र के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा पीड़ित और लाभान्वित बैंक खातों की डिटेल को खंगाल तकनीकी विश्लेषण कर साक्ष्य जुटाए गए।

आरोपी वृषभ शर्मा उर्फ ऋषभ शर्मा को देहरादून से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। इसके विरुद्ध पहले भी महाराष्ट्र, बिहार तथा उत्तर प्रदेश में साइबर फ्रॉड के प्रकरण दर्ज है। आरोपी ने पीड़ित इस्पाक अली को इंटरनेशनल होटल में प्रतिनिधि के नाम पर वेबसाइट दिखा सर्वे करवा अच्छा मुनाफा देने का लालच दिया था। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts