


उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को दूसरे सबसे बड़े ज्वेलरी शो 'जयपुर ज्वेलरी शो' का जयपुर के सीतापुरा कन्वेंशन सेंटर में उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर जयपुर के ज्वैलरी शो में भाग लेने वाले ज्वेलर्स और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जयपुर वर्ल्ड कैपिटल ऑफ एमराल्ड के नाम से फेमस है। इसकी विश्वभर में बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए, इस साल जेजेएस में एमराल्ड रत्न और गहनों पर विशेष फोकस किया गया है। इसमें एक 45 किलो सोने से बना संदूक भी है। साथ ही सोने की ज्वेलरी में भगवान विष्णु के दस अवतारों को दिखाया गया है, जिसकी कीमत 60 लाख रुपए है।
जेजेएस में इस बार 40 साल पुराना 45 किलो वजनी सोने से बना संदूक आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस पर भी भगवान विष्णु के दस अवतार को दिखाया गया है। यह संदूक हैदराबाद के ज्वेलर्स लेकर आए हैं। इसके अंदर गोल्ड से बना कछुआ और दूसरे यंत्र लगाए गए हैं। अगर इसकी कीमत का आकलन सोने की कीमत से किया जाए तो 2.7 अरब होगी।
जेजेएस चेयरमैन विमल चंद सुराणा ने बताया कि इस साल ज्वेलरी शो 1100 से ज्यादाबूथ के साथ आयोजित हाे रहा है। इनमें 318 अलग-अलग बूथ पर जेम स्टोन, 660बूथ पर ज्वेलरी प्रदर्शित की जा रही है। जबकि 13 पर कॉस्ट्यूम और सिल्वर आर्टिकल्स प्रदर्शित हो रहे हैं। ज्वेलरी सेक्शन में लगभग 67 प्रतिशत डिजाइनर बूथ है। ज्वेलरी और जैम स्टोन के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं।
जेजेएस के सचिव राजीव जैन ने बताया कि इस साल देशभर के लगभग 1000 टॉप ज्वेलरी रिटेलर्स शो में शामिल हो रहे हैं। इस बार 8 हजार से अधिक ट्रेड विजिटर और लगभग 50,000 घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय विजिटर शो में शामिल होने के लिए जयपुर आए हैं। जेजेएस प्रवक्ता अजय काला ने बताया कि सुरक्षा के लिए कॉमन एरिया में लगभग 500 से अधिक कैमरे लगाए गए हैं।