


कर्ज से परेशान एक ही परिवार के 5 लोगों ने बीकानेर के मुक्ता प्रसाद नगर इलाके में आत्महत्या कर ली है। इसकी जानकारी 2 दिन बाद मिली। मृतकों में पति-पत्नी और 3 बच्चे शामिल हैं। मकान मालिक किराया लेने पहुंचा तो घटना का खुलासा हुआ। पत्नी और 3 बच्चों का शव फंदे पर लटका मिला, जबकि परिवार के मुखिया का शव दूसरे कमरे में पड़ा था।
मुक्ता प्रसाद नगर क्षेत्र के अंत्योदय नगर के रहने वाले हनुमान सोनीअपनी पत्नी विमला , दो बेटे मोहित , ऋषि और एक बेटी गुड़िया के साथ पिछले दस साल से अनिल रंगा के मकान में किराए से रह रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि हनुमान सोनी जेवरात में नगीना गढ़ने का काम करते थे। वह आर्थिक तंगी के चलते परेशान थे।
पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम नेबताया कि हनुमान सोनी ने अपने परिवार के साथ दो दिन पहले ही आत्महत्या कर ली थी । गुरुवार को मकान मालिक अनिल रंगा ने किराया के लिए कॉल किया। फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद वे किराया लेने घर पहुंचे। किसी ने गेट नहीं खोला। बरामदे में 2 दिन पुराना अखबार पड़ा था। किसी ने बताया कि दो दिन से दूध वाला भी बिना दूध दिए जा रहा है। इस पर अनिल अंदर की तरफ गए तो बदबू आने लगी। इस पर उन्होंने हनुमान सोनी के भाई शिवशंकर को कॉल किया जो बीकानेर में ही रहते हैं और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब मकान का गेट तोड़ा तो पांचों के शव अंदर पड़े थे। बाद में शिवशंकर भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि दोनों भाइयों में पिछले दस साल से बातचीत नहीं थी।