


झालावाड़ भवानी मंडी थाना पुलिस ने नकाबपोशो द्वारा गन दिखा व्यापारी के दो मुनीमों से 3.29 लाख रुपए से भरा बैग लूट कर ले जाने के मामले का खुलासा कर घटना के दो आरोपियों कमलेश और कुशाल सिंह निवासी कुण्डी खेड़ा थाना भवानी मंडी को गिरफ्तार किया है।
एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि 9 दिसंबर को व्यापारिक गोविंद वशिष्ठ के मुनीम रोहित व अनिल कृषि उपज मंडी में कृषि जींस खरीदने के बाद बची रकम 3 लाख 29 हजार थैले में रखकर जैसे ही व्यापारी के घर पहुंचे। घर के गेट पर रुपयों का थैला देते समय बाइक पर आए दो नकाबपोश व्यक्ति मुनीम रोहित को पिस्टल दिखाकर रुपयों से भरा बैग छीन कर भाग गए।
लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी तोमर द्वारा वारदात के खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजी लाल मीणा व सीओ मनोज गुप्ता के सुपरविजन एवं एसएचओ मांगे लाल यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने टीम भावना से कार्य कर कृषि उपज मंडी से व्यापारी के घर तक के रास्ते, पेट्रोल पंप, पेट्रोल नाकों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देख रैकी करने वाले व्यक्तियों की पहचान की।
उसके बाद आरोपी कमलेश और कुशाल सिंह को तलाश कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस टीम द्वारा इनसे लूट की राशि बरामद करने के लिए अनुसंधान किया जा रहा है। पूछताछ में सामने आया कि कर्ज चुकाने के लिए आरोपियों ने यूट्यूब देख लूट की योजना बनाई। 15 दिन व्यापारी और मुनीमों की रैकी करने के बाद घटना के रोज नकाब बांधकर लूट की वारदात की।
घटना के खुलासे में हेड कांस्टेबल दीपेंद्र सिंह, कांस्टेबल सुखदेव, राजेश, हरिराम और अशोक की विशेष भूमिका रही है।