


बारां जिले के अन्ता थाना इलाके के ताखा गांव में खेत की मेड़ पर पत्थर रखने के विवाद के बाद कुल्हाड़ी से वार कर हत्या के आरोपी साडू धनराज भील (47) निवासी ताखा को थाना सीसवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम शर्मा ने बताया कि शुक्रवार 9 दिसंबर को अमलसरा गांव निवासी ललिता बाई ने एक रिपोर्ट दी कि उसके पिता के कोई बेटा नहीं होने के कारण उन्होंने ताखा गांव स्थित अपनी जमीन अपनी बेटियों के नाम कर दी थी। आज उसका पति रामकिशन अपने हिस्से के खेत में फसल बुवाई करने गया था। दिन में करीब 2:00 बजे मेड पर पत्थर रखते समय साडू धनराज से विवाद हो गया। धनराज ने उसके पति रामकिशन के पास से कुल्हाड़ी छीनकर जोर से सिर में दे मारी।
कुल्हाड़ी के वार के कारण सिर से खून बहने लगा और उसका पति वहीं गिर गया। वह बचाने दौड़ी तो धनराज भाग गया। सिर में काफी खून बहने से उसके पति की खेत में ही मौत हो गई। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ ओमेंद्र सिंह शेखावत व एसएचओ सीसवाली योगेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा आसूचना एवं तकनीकी सहयोग से आरोपी धनराज भील को गिरफ्तार कर लिया।