


रविवार को जयपुर से भाजपा सांसद रामचरण बोहरा ने सांसद कार्यलय पर एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में भाजपा सांसद बोहरा ने जयपुर में चल रहे एनएचएआई के विभिन्न प्रोजेक्ट की विस्तृत समीक्षा की। जयपुर किशनगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्लैक स्पॉट के सुधार हेतु भांकरोटा, कमला नेहरू नगर, नरसिंहपुर एवं दहमी बालाजी पर चार फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं।
सांसद बोहरा ने अधिकारियों को इन फ्लाईओवर निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए कहा। अधिकारियों ने बताया कि दहमी बालाजी एवं नरसिंहपुरा फ्लाईओवर का निर्माण कार्य को जनवरी 2024 तक पूर्ण कर यातायात प्रारंभ कर दिया जाएगा। भांकरोटा फ्लाईओवर का निर्माण कार्य भी 6 महीने में पूर्ण हो जाएगा। कमला नेहरू नगर फ्लाईओवर का कार्य 20 दिसंबर के बाद शुरू हो जाएगा।
सांसद बोहरा ने अधिकारियों को भांकरोटा पर सर्विस रोड की चौड़ाई बढ़ाने के निर्देश दिए जिससे आमजन को सुविधा मिल सके। साथ ही सांसद बोहरा ने सर्विस रोड पर बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने के निर्देश भी दिए। सांसद बोहरा ने अधिकारियों खुली नालियों को बंद करने एवं ड्रेनेज की उचित व्यवस्था करने के लिए कहा। जयपुर सीकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 14 नंबर पर ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए जंक्शन सुधार किया जायेगा। साथ ही निंदड़ मोड तक सीमेंट कंक्रीट की पक्की सड़क का निर्माण किया जाएगा। बड़ के बालाजी, निंदड़ मोड एवं हरमाड़ा पर भी जंक्शन इंप्रूवमेंट का कार्य किया जाएगा जिससे आमजन को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिल सके।
सांसद बोहरा ने बागराना बांदीकुई लिंक के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। साथ ही सांसद बोहरा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर ड्रेनेज की उचित व्यवस्था की जाए जहां पर खुली नालियां है उन्हें ढका जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्रीनरी एवं स्वच्छता का भी ध्यान रखा जाए और शहर में ब्लैक स्पॉट्स को जल्द से जल्द खत्म किया जाए। साथ ही आगरा रोड से चंदवाजी तक स्वीकृत रिंग रोड का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाए।