


झालावाड़ जिले की बकानी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान चोरी के मामलों में राजस्थान और मध्य प्रदेश के चार थानों में वांछित शातिर नकबजन बालमुकुन्द तंवर (28) निवासी नाहरडी कलां थाना बकानी को गिरफ्तार किया हैं। आरोपी की गिरफ्तारी पर मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा इनाम घोषित किया हुआ है।
एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि जिले में चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए कार्य योजना बनाकर पुलिस द्वारा प्रभावी गश्त और नाकाबंदी की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा और सीओ मुकुल शर्मा के सुपरविजन में एसएचओ बकानी भूपेश शर्मा के नेतृत्व में रात्रि गश्त के दौरान सन्दिग्ध बालमुकुंद तंवर को रोका गया तो वह लड़ाई झगड़े पर उतारू हो गया।
आरोपी को शांति भंग में गिरफ्तार कर रिकॉर्ड खंगाला गया तो यह चोरी नकबजनी की वारदातों में वांछित होना पाया गया। आरोपी थाना भालता जिला झालावाड़ में किराने की दुकान से लाखों का सामान चोरी करने, थाना औद्योगिक क्षेत्र पाली में लाखों रुपए की नगदी, 4 किलो चांदी व सोने के जेवरात और मकान के कागजात की चोरी, थाना खिलचीपुर एमपी में मंदिर से 18 किलो चांदी के सामान की चोरी और थाना जीरापुर एमपी के मंदिर से सात-आठ किलो चांदी के मुकुट व आभूषण चोरी के मामले में वांछित चल रहा है। आरोपी के विरुद्ध चोरी-नकबजनी, अवैध हथियार और मारपीट के 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज है तथा मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के एसपी द्वारा इनाम घोषित किया हुआ जानकारी में आया है।