


भारत को विकसित राष्ट्र बनाने को लेकर विकसित भारत 2047 मिशन शुरू हो गया है। इस मिशन को मूर्त रूप देने के लिए हरियाणा राज भवन चंडीगढ़ में सोमवार को कार्यशाला होगी।
डॉ. बी आर अम्बेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय सोनीपत की कुलपति प्रो. अर्चना मिश्रा ने बताया इस मिशन को साकार करने के लिए प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपति, कुलसचिव एवं शिक्षाविदों में चर्चा, चिंतन-मनन और मंथन होगा। यह कार्यशाला नीति आयोग की अध्यक्षता में होगी। विकसित भारत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 45 मिनट संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि सोमवार को कार्यशाला में विकसित भारत के दृष्टिकोण के एक भाग के रूप में सुशासन और सुरक्षा, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, संपन्न और सतत अर्थव्यवस्था, सशक्त भारतीयों, विश्व में भारत (वैश्विक), विचारों में योगदान देने के लिए युवाओं के साथ जुड़ना" आदि कई बिंदुओं पर मंथन करने के बाद जो नई दिशा मिलेगी उस पर प्रदेश के तमाम विश्वविद्यालयों के द्वारा विकसित भारत 2047 मिशन पर कार्य किया जायेगा और उसे साकार रूप दिया जायेगा।
कुलपति प्रो. अर्चना मिश्रा ने बताया 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर उभर कर नई पहचान बनायेगा। विश्वविद्यालय से कुलसचिव डॉ रामफूल शर्मा, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रोफेसर डॉ. आशुतोष मिश्रा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पूजा जायसवाल, डॉ. बलविंदर कौर, डॉ. मधुकर शर्मा, डॉ. कुलवंत मलिक, डॉ. संजय कुमार, डॉ. सुंदर सिंह और डॉ. विधि मदान चड्डा भी भाग लेंगे।