


श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने वाले दोनों शूटर्स को पुलिस ने शनिवार देर रात चंडीगढ़ से पकड़ लिया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को राजस्थान पुलिस के साथ ज्वॉइंट ऑपरेशन में यह गिरफ्तारी की गई है। शूटर नितिन फौजी को पुलिस जयपुर लेकर पहुंच गई है। उसे सोडाला थाने में रखा है। दूसरे शूटर रोहित राठौड़ से अभी दिल्ली में पूछताछ की जा रही है। शूटर्स के पास हथियार भी मिले हैं। दोनों नेपाल भागने की योजना बना रहे थे।
एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बताया कि गोगामेड़ी की हत्या करने के बाद दोनों बदमाश रामवीर के साथ बगरू टोल तक पहुंचे थे। जहां से नितिन फौजी और रोहित राठौड़ बस से डीडवाना पहुंचे। डीडवाना से दोनों ने टैक्सी ली और सुजानगढ़ पहुंचे। सुजानगढ़ से दिल्ली की बस में बैठकर रवाना हुए, लेकिन दोनों धारूहेड़ा पर ही बस से उतर गए। पीछे-पीछे पुलिस चल रही थी, पुलिस ने जब बस ड्राइवर को इन दोनों के बारे में पूछा तो बताया कि दोनों धारूहेड़ा उतरे हैं। जिसके बाद पुलिस ने हरियाणा जाने वाली बस-ट्रेनों को सर्च किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस को दोनों बदमाश की लोकेशन हिसार रेलवे स्टेशन पर मिली। वहां के सीसीटीवी फुटेज आने पर दोनों की तलाश में टीमें हिसार भेजी गईं, लेकिन ये बदमाश वहां से भी हिमाचल प्रदेश से मनाली के लिए निकल गए। मनाली में इनकी लोकेशन मिलने पर टीमें रवाना हुईं तो ये वहां से नितिन फौजी के गांव के रहने वाले एक व्यक्ति के घर चंडीगढ़ पहुंच गए। दिल्ली पुलिस को शनिवार दोपहर 2 बजे इनके चंडीगढ़ में होने की जानकारी मिली।
एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि दिल्ली पुलिस के एडीजी क्राइम रविंद्र सिंह ने राजस्थान पुलिस संपर्क किया। इसके बाद जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ और एडीजी क्राइम ने अपनी टीम के 7 अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को इस अभियान के लिए भेजा। दिल्ली और राजस्थान पुलिस केसब संयुक्त अभियान में चंडीगढ़ में 22 सेक्टर से दोनों शूटर और उनके साथी उधम को गिरफ्तार किया।
स्पेशल CP(अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने बताया कि राजस्थान के जयपुर में करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के संदर्भ में 3 मुख्य अभियुक्तों को दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की एनआरडी की शाखा ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पिछले 72 घंटे से उन्हें ट्रैक कर रहे थे...चंडीगढ़ में जाकर हमने उनको पकड़ा है। हम अब उन्हें राजस्थान पुलिस के हवाले करेंगे।
महानिदेशक पुलिस उमेश मिश्रा ने सुखदेव सिंह गोगामेडी की हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने पर पुलिस टीम को दी बधाई
डीजीपी उमेश मिश्राने जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जार्ज जोसेफ एसआइटी के प्रभारी एडीजी क्राइम दिनेश एमएन एवं एसआइटी प्रमुख अतिरिक्त आयुक्त कैलाश विश्नोई एवं टीम को दी बधाई
मिश्रा ने इसे इंटर स्टेट पुलिस समन्वय एवं सहयोग का अनुपम उदाहरण बताया और डीजीपी उमेश मिश्रा ने सहयोग व समन्वित प्रयास के लिए दिल्ली पुलिस को धन्यवाद दिया । उन्होंने सहयोग के लिए हरियाणा पुलिस को भी धन्यवाद दिया।