Saturday, 29 August 2026

खुलासा : दुष्कर्म की रिपोर्ट की भनक लगते ही आरोपी ने कपड़ों पर मुर्गी का खून लगा मोबाइल-जूतों को गांव के बाहर फेक रची मर्डर की कहानी, गिरफ्तार


खुलासा : दुष्कर्म की रिपोर्ट की भनक लगते ही आरोपी ने कपड़ों पर मुर्गी का खून लगा मोबाइल-जूतों को गांव के बाहर फेक रची मर्डर की कहानी, गिरफ्तार

झालावाड़ जिले के थाना भालता पुलिस ने झूठी मर्डर की कहानी का खुलासा करते हुए आरोपी सुजान तंवर (50) निवासी नयागांव बोरदा को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक महिला के साथ डरा धमकाकर दुष्कर्म कर रहा था। महिला द्वारा दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराये जाने की भनक लगते ही अपने कपड़ों पर मुर्गी का खून लगाकर और मोबाइल,जूते वगैरा गांव के पास बरडी में पटक कर आरोपी फरार हो गया था।

एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि 15 नवंबर को नयागांव बोरदा निवासी देवी सिंह ने बताया कि उसका बेटा सुजान सिंह पिछले तीन दिन से घर से गायब है। उसके खून से सने हुए कपड़े, मोबाइल और जूते गांव के पास बरडी में पड़े हुए मिले हैं। सूचना पर एसएचओ भालता मय टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे। एफएसएल, मेडिकल और डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया जाकर जांच करवाई गई। 

पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवाई की सुजान सिंह 8-10 साल से उसके साथ दबाव बनाकर दुष्कर्म कर रहा है। तीन-चार दिन पहले भी उसने दुष्कर्म किया और अब मरने की झूठी कहानी बनाकर फरार हो गया। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसपी तोमर ने बताया कि वर्ष का अंतिम माह होने की वजह से पेंडिंग प्रकरणों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले का खुलासा करने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजी लाल मीणा के निर्देशन, सीओ राजेंद्र कुमार रावत के सुपरविजन व एसएचओ अमरनाथ जोगी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा अथक प्रयास व आसूचना संकलित कर 22 दिन के अंदर आरोपी सुजान सिंह को डिटेन किया। जिसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महिला के साथ उसके करीब सात- आठ साल से संबंध है। महिला द्वारा दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाने की भनक लगने पर उसने दबाव बनाने की नीयत से इस प्रकार की कहानी रची। उसने अपने कपड़ों पर मुर्गी का खून लगाकर मोबाइल, जूते आदि गांव के पास जंगल में इस प्रकार से डाल दिए कि गांव वालों और परिवार वालों को यह लगे की किसी ने उसे मार दिया है, तब इसका आरोप सीधा महिला पर जाता। 



Previous
Next

Related Posts