


उदयपुर के थाना सूरजपोल क्षेत्र में गुलाबपुरा रोड पर एक सप्ताह पहले होटल व्यापारी पर हुई फायरिंग की घटना का खुलासा कर पुलिस ने आरोपी फरहान अख्तर निवासी मुखर्जी चौक धान मंडी व मोहम्मद शाबिर उर्फ साहिल निवासी खेरादीवाड़ा थाना सूरजपोल को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
एसपी भुवन भूषण यादव ने बताया कि 29 नवंबर को होटल व्यापारी विवेक सेन ने रिपोर्ट दी कि आज दोपहर वह घर से स्कूटी द्वारा होटल राजश्री जा रहा था। गुलाब बाग रोड पर पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास बाइक पर आए दो अज्ञात युवकों ने जान से मारने के लिए से पिस्टल से दो फायर किए। गोली उसके दाहिने जांघ पर लगी। फायर करने के बाद दोनों वहां से भाग गए।
दिनदहाड़े फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी यादव द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र दादरवाल व सीओ शिप्रा राजावत के सुपरविजन और एसएचओ दलपत सिंह राठौड के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा आसूचना व तकनीकी सहयोग से घटना के आरोपियों की पहचान कर बुधवार को आरोपी फरहान अख्तर व मोहम्मद शाबिर को पूछताछ के बाद बापर्दा गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद करने के लिए कोर्ट से रिमांड पर लिया गया है। जांच में सामने आया कि करीब डेढ़ महीने पहले परिवादी विवेक सेन के पिता भरतराज और फरहान अख्तर के पिता अब्दुल फरीद के बीच होटल के बाहर टेंपो खड़ा करने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इस वजह से अभियुक्तों ने इस घटना को अंजाम दिया है।