


पुलिस मुख्यालय की क्राइम ब्रांच द्वारा 4 दिन पहले कौथून स्थित सरस डेयरी की बीएमसी से जब्त किया गया दूध फूड विभाग की जांच में अनसेफ पाया गया। मंगलवार को फूड विभाग से मिली जांच रिपोर्ट के बाद एसआई दिनेश चंद की तरफ से चाकसू थाने में सरस डेयरी के अध्यक्ष, एमडी, क्वालिटी कंट्रोलर, विजलेंस ऑफिसर व बीएमसी संचालक सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया । अब पुलिस इन सभी की भूमिका के संबंध में जांच करने में जुटी है। सरस डेयरी के चेयरमैन ओमप्रकाश पूनिया ने दूध की दो मशीनों में जांच करने के बाद कहा था कि दूध सही है।
इससे पहले पुलिस की कार्रवाई को झूठी बताने के लिए डेयरी के चेयरमैन की तरफ से दूध को सही बताया गया था, जबकि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मौके पर फूड विभाग की स्पेशल टीम को बुलाया था, जिन्होंने सैंपलिंग की थी। फूड विभाग की रिपोर्ट में सामने आया कि ये दूध पीने योग्य नहीं हैं, स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और कृत्रिम रूप से वनस्पति तेल से तैयार किया गया है।
जब्त किए गए दूध में मृत कीड़े व भूरे रंग के कण पाए गए थे, जो हानिकारक है। अब तक की गई पूछताछ में सामने आया कि बीएमसी संचालक सिंथेटिक दूध बनाने वाले गिरोह से संपर्क करके डेयरी अधिकारियों से मिलीभगत कर अवैध तरीके से यहां दूध सप्लाई कर रहा था।