


हरियाणा और राजस्थान मुख्य तौर पर कृषि के लिए पहचाने जाते हैं, किसान, जवान और पहलवान तीन हमारे मूलभूत कार्य हैं, हरियाणा हो, चाहे राजस्थान जवान और किसान मुख्य रूप से यहॉं के मतदाता हैं। भाजपा का रवैया किसानों के प्रति क्या है, यह आंकलन करना आवश्यक है, क्योंकि भाजपा ने किसानों की आमदनी दुगुनी करने का वादा किया था, आमदनी तो दुगुनी हुई नहीं, लेकिन किसानों की लागत कई गुना बढ़ गई, खाद्, बिजली एवं पेस्टीसाईड की कीमतें लगातार बढ़ रही है, यूपीए शासन के दौरान हर साल फसल की एमएसपी 15 से 17 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होती है और अब 3 से 4 प्रतिशत भाजपा शासन में बढ़ोत्तरी होती है जिसका तात्पर्य यह है कि किसान बरबादी की कगार पर है।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणाऔर राजस्थान के अधिकाधिक युवा देश की सीमा की निगरानी करनेके लिए फौज में जाते हैं, किन्तु उनके हितों पर कुठाराघात करते हुये भाजपा की केन्द्र सरकार ने अग्निीवीर योजना लागू कर दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत् 18 साल का युवा फौज में भर्ती होता है और 22 साल की उम्र में उसे घर लौटा दिया जायेगा, ना पेंशन मिलेगी और ना ही कोई सुविधायें प्रदान की जायेगी।
मंगलवार को कांग्रेस के मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह युवाओं के हितों पर कुठाराघात है क्योंकि प्रतिवर्ष राजस्थान एवं हरियाणा से अधिकाधिक युवा रोजगार हेतु सेना में जाते थे। उन्होंने कहा कि यह योजना भाजपा ने ही लागू की इसलिये यदि भाजपा की सरकार आई तो युवाओं को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि राजस्थान एवं हरियाणा खेल और खिलाडिय़ों का प्रदेश है और सभी ने देखा है कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने देश की पदक विजेता बहिन-बेटियों के साथ कैसा सलूक किया है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर महिनों तक बेटियां धरना देती रही, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के रायपुर अधिवेशन में प्रस्ताव पारित हुआ था, जिसमें एमएसपी की गारंटी दी गई थी, उसके तहत् स्वामी नाथन् आयोग की रिपोर्ट के अनुसार सी-2 वन प्लस 50 प्रतिशत प्रोफिट पर दी जानी थी। उन्होंने कहा कि किसानों की कर्ज माफी से लेकर कर्ज मुक्त तक ले जाने का प्रस्ताव पारित हुआ था।
उन्होंने कहा कि जो गारंटियां हमारी पार्टी ने दी हैं, वह पूरी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुन: सरकार बनने पर जो सात गारंटियां कांग्रेस ने दी है, वे और बेहतर तरीके से लागू होगी जिससे प्रदेश की जनता को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में अपने काम के बलबूत पर कांग्रेस की पुन: सरकार बनेगी तथा राजस्थान और ज्यादा खुशहाल बनेगा।