


राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने रविवार को नागौर जिले की डेगाना विधानसभा के डेगाना मुख्यालय तथा खींवसर विधानसभा क्षेत्र के हरसोलाव, पांचौड़ी,मेड़ता के सोगावास, पाली जिले के जैतारण और सीकर जिले के धोद में आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के साथ चुनावी जन सभाओं को संबोधित किया। खींवसर से जहां हनुमान बेनीवाल खुद चुनाव लड़ रहे है वहीं डेगाना से आरएलपी से लक्ष्मण सिंह मुवाल चुनाव लड़ रहे है और मेड़ता से इंदिरा देवी बावरी चुनाव लड़ रही है। वहीं जैतारण से दिलीप चौधरी और धोद से मुकेश मोरदिया के समर्थन में आयोजित सभाओं में बेनीवाल व आजाद हेलीकॉप्टर से पहुंचे।
बेनीवाल ने आरएलपी सुप्रीमो ने कहा की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने सड़क से लेकर सदन तक जनता के हितों की लड़ाई लड़ी और अब आजाद समाज पार्टी के साथ आने से यह लड़ाई और मजबूत होगी।
उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर भी जमकर कटाक्ष किया और कहा भाजपा किसानो की दुश्मन है और कभी भी किसान,दलित और कमजोर की पैरवी भाजपा नही करती वहीं कर्जमाफ़ी से जुड़े मुद्दे पर बोलते हुए बेनीवाल ने कांग्रेस पर भी आरोप लगाए और कहा की किसानों से कर्जमाफी का वादा करके कांग्रेस मुकर गई ,बेनीवाल ने नए राजस्थान के निर्माण के लिए राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन के पक्ष में मतदान की अपील की।
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत जनता के हाथ में दी है इसलिए हमें हमारे मत का सही उपयोग करना है ,उन्होंने कहा बेनीवाल मजबूत लड़ाके है जो सदैव जनता के हित के लिए लड़ाई लड़ते है ,उन्होंने कहा की राजस्थान में दलितों पर अत्याचार बढ़े लेकिन केवल आरएलपी और एएसपी ही दलितों के साथ खड़ी रही है !
बेनीवाल और आजाद का सोमवार को चुनावी दौरा: सोमवार को रहेंगे इन क्षेत्रों के दौरे पर बेनीवाल और आजाद सोमवार को कोटपुतली,बानसूर,नगर,महुआ,दौसा, बांदीकुई व गंगापुर में आरएलपी और एएसपी के उम्मीदवारों के समर्थन में सभाओं को संबोधित करेंगे।